प्वैंकारे, आँरी (Poincare] Henrri; १८५४-१९१२ ई.) - फ्रांसीसी गणिज्ञ का जन्म २९ अप्रैल, १८५४ ई. को नांसी में हुआ। १८७९ ई. में इन्होंने पैरिस विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट प्राप्त की। तदुपरांत वहीं पहले गणितीय भौतिक शास्त्र और फिर गणितीय खगोल शास्त्र एवं खगोलीय यंत्रविज्ञान के प्रोफेसर रहे। इन्होंने गणित, भौतिकी और दर्शन शास्त्र पर अनेक पुस्तकें और १५०० से भी अधिक शोधपत्र प्रकाशित किए। विज्ञान के दर्शन पर इनकी प्रसिद्ध पुस्तकें 'ला सियांस ए' लिपोथैस' (La science et l' hypothese) (१९०२ ई.), 'ला वालर द ला सियांस' (La Valeur de la science) (१९०५ ई.) हैं, जिनका अनुवाद अनेक भाषाओं में हो चुका है। शुद्ध गणित की लगभग प्रत्येक शाखा में इनका कुछ न कुछ योग है, परंतु अवकल समीकरणों एवं फलनों के सिद्धात पर इनके आविष्कार और अनुकलों के सिद्धांत में स्वाविष्कृत फुक्सियाँ (Fuchsian) और थेटा फुक्सियाँ (theta Fuchsian) फलनों के अनुप्रयोग अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। २७ जुलाई, १९१२ ई. को पेरिस में इनका स्वर्गवास हो गया। (रामकुमार.)