पोर्ट्स्मथ १. नगर, स्थिति : ५०० ४८¢ उ. अ. तथा १० ६¢ प. दे.। यह इंग्लैंड के हैंपशिर क्षेत्र का नगर, संसदीय क्षेत्र एवं बंदरगाह है, जो सड़कमार्ग द्वारा लंदन से ७४ मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। इसका क्षेत्रफल १४.४ वर्ग मील है। पार्चेस्टर से समुद्री जल हट जाने से निकली जमीन पर यह नगर आबाद हुआ है। १२वीं शताब्दी तक यहाँ कोई नगर नहीं था। रिचार्ड प्रथम ने यहाँ की सामरिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इसे बसाया। प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को ११९४ ई. से यहाँ बाजार लगता आ रहा है। द्वितीय विश्वयुद्ध मे यह नगर क्षतिग्रस्त हुआ था। युद्ध के बाद बचे हुए भवनों मे डिकेंज संग्रहालय उल्लेखनीय हैं। इस भवन में १८१२ ई. में चार्ल्स डिकेंज पैदा हुए थे। जॉर्ज मेरेडिथ एवं सर वाल्टर बिज़ैट नामक उपन्यासकार एवं इसामबार्ड ब्रूनेल यहाँ के प्रतिष्ठित निवासी थे। यहाँ की गोदी (dockyard) ब्रिटिश द्वीपसमूह में प्रसिद्ध है। इस गोदी में लार्ड नेलसन का विक्ट्री नामक ध्वजपोत अभी तक सुरक्षित रखा है जिस पर १८०५ ई. में ट्रैफलगर में उनकी मृत्यु हुई थी। लार्ड नेलसन का शव अब भी विक्ट्री संग्रहालय में सुरक्षित रखा है। यहाँ का शाही नोसैनिक अड्डा बहुत बड़ा है। यहाँ की गोदी आधुनिक साधनों से संपन्न है। सेंट टॉमस का गिरजाधर १२वीं शताब्दी की प्राचीन इमारत है। उद्योगों में जलयान, वायुयान, इंजीनियरी के समान, कुरुश, कार्डबोर्ड के डिब्बे तथा प्रशीतन यंत्र का निर्माण मुख्य है। यहाँ नौसेनापति का कार्यालय है। पोर्ट्स्मथ, पोर्टसी, लैंडपोर्ट एवं साउथ सो नगर मिलकर नौसैनिक केंद्र बनाते हैं। पोर्ट्स्मथ की जनसंख्या २,२४,९०० (१९६३) थी।
२. नगर, स्थिति : ३६० ५०¢ उ. अ. तथा ७६० २०¢ प. दे.। यह संयुक्त राज्य, अमरीका के वर्जिनिया राज्य में इलिजाबेथ नदी के किनारे एक औद्योगिक नगर है। इस नदी के दूसरे किनारे पर पूर्व की ओर नॉरफॉक की प्राचीन नौसैनिक गोदी है। हैंपटन रोड बंदरगाह के लिये यह नगर वाणिज्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहाँ से कृषि उपजें, कपास, तंबाकू, तरकारी, सीप, मछली एव लकड़ी का निर्यात होता है। उर्वरक, साबुन, रेल के सामान आदि उद्योग यहाँ हैं। संयुक्त राज्य, अमरीका का नोसैनिक अस्पताल एवं ट्रिनिटी गिरजाघर यहाँ के प्रमुख भवन हैं। यहाँ को जनसंख्या १,१४,७७३ (१९६०) थी।
३. नगर, स्थिति : ३८० ४५¢ उ. अ. तथा ८३० ०¢ प. दे.। यह संयुक्त राज्य अमरीका के ओहायो राज्य में साइआटो काउंटी का नगर है, जो ओहायो नदी पर साइआटो के मुहाने पर स्थिति है। यह उद्योग एवं रेलमार्ग का केंद्र है। पोर्ट्स्मथ के समीप चूने के पत्थर की बड़ी बड़ी खानें हैं। यहाँ रेल के सामान, लोह इस्पात, स्टोव, कागज के डिब्बे, यंत्र तापसह ईटें, कोक तथा इसके उपजात के कारखाने हैं। समीप में ही शॉनी फॉरेस्ट स्थित है। नदी के पास स्थित होने के कारण यह यह दर्शनीय स्थल है।
४. नगर, स्थिति : ४३० ५¢ उ. अ. तथा ७०० ४५¢ प. दे.। यह संयुक्त राज्य, अमरीका के न्यूहैंपशिर राज्य का नगर एवं एकमात्र बंदरगाह है। यह पिस्कैटक्वो नदी के किनारे ऐटलैंटिक महासागर में नदी के मुहाने के निकट स्थित है। यहाँ से होकर बोस्टन मेन रेल, वायुमार्ग एव सड़कें जाती हैं। यहाँ से होकर बोस्टन मेन रेल, वायुमार्ग एवं सड़कें जाती हैं। यहाँ का नोसैनिक यार्ड देश के बड़े यार्डो में से एक है। यहाँ बटन, कृषि औजार, जूता, लकड़ी, जिप्सम की वस्तुएँ एवं जलयान का निर्माण होता है। १६७९ ई. से लेकर १७७५ ई. क इसे न्यूहैंपशिर राज्य की राजधानी होने का गौरव भी प्राप्त हो चुका है। सेंट जॉन का गिरजाघर संग्रहालय, राज्य-विभाग-सभा-भवन, पब्लिक पुस्तकालय तथा कुछ व्यक्तियों के निजी भवन दर्शनीय हैं। यहाँ की जनसंख्या २५,८३३ थी।
(राजेंद्रप्रसाद सिंह)