पेरूजा (Perugia) १. राज्य, मध्य इटली के अंब्रिया क्षेत्र का एक प्रांत है जिसका क्षेत्रफल २,४४० वर्ग मील एवं जनसंख्या ५,८०,०४६ (१९६१) थी। यह प्र ांत अधिकांशत: पहाड़ी है। इसमें उत्तर से दक्षिण ऐपेनाइंज पर्वतश्रेणियाँ फैली हुई हैं। टाइबर नदी भी उत्तर-दक्षिण दिशा में इस प्रांत में बहती है। यहाँ की मुख्य कृषि उपज गेहूँ, मक्का, जैतून, चुकन्दर, जई, जौ एवं अंगूर हैं। यहाँ भेड़ें भी पाली जाती हैं। निर्माण उद्योग बहुत महत्वपूर्ण नहीं है। फिर भी कागज एवं उवरकों का निर्माण होता है। कसीदाकारी एवं महत्वपूर्ण धंधा है। इस प्रांत में लौह धातु एवं कोयला पाया जाता है। पेरूजा यहाँ की राजधानी है। असासी, फोलीन्यो, स्पोलेटो और चिट्टा डि कास्टेल्लो अन्य उल्लेखनीय नगर है जो विशेष रूप से अपनी बहुमूल्य कलाओं के लिये प्रसिद्ध हैं।

२. नगर, स्थिति : ४३¢ उ. अ. तथा १२० २२¢ पू. दे.। यह अंब्रिया एवं पेरूजा प्रांत की राजधानी है जो रोम से ८५ मील उत्तर ट्राजिमेयनो झील के पूर्व में सागर तल से १५२५ फुट की ऊँचाई पर स्थित है। पेरूजा कृषि उपज का एक प्रसिद्ध व्यापारिक केंद्र है, जो चॉकलेट के लिये भी विख्यात है। इस नगर में मकरोनी, साजसज्जा सूती कपड़े दियासिलाई, दवाओं तथा शीशे एवं धातु की वस्तुओं का निर्माण होता है। मिट्टी के बरतन बनाना तथा फलों को डब्बों में भरना महत्वपूर्ण उद्योग है। यहाँ अंब्रियाई कला संग्रहालय तथा विश्वविद्यालय हैं। बड़े पादरी भी यहीं रहते हैं। गोथिक कैथेड्रल (१४वीं-१५वीं शताब्दी का), सेंट ऐंजिलो का गिरिजाधर (पाँचवी-छठी शताब्दी का) तथा नगरभवन वास्तुकल के उत्कृष्ट नमूने हैं। कुछ प्रसिद्ध मकबरे भी यहाँ है। इसकी जनसंख्या १,०९,५९६ (१९६०) थी।

(हरि हर सिंह)