पेरियार (Periyar) १. नदी, भारत केरल राज्य में नदी है जो तिरुवनंतपुरम के ६० मील उत्तर-पूर्व में पश्चिमी घाट की पहाड़ियों से निकलती है। सर्वप्रथम यह उत्तर दिशा में मद्रास की ओर बहती है जहाँ इस राज्य की सीमा पर एक बाँघ बनाकर पेरियार नामक कृत्रिम झील बनाई गई है, जिसके जल से विस्तृत भूभाग की सिंचाई होती है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम और पश्चिम दिशा में बहती हुई अल्वई और परूर नगरों के बाद मलाबार तट की ओर मुड़ जाती है। पेरियार कोचीन के १५ मील उत्तर-पश्चिम में अरब सागर में गिरती है। इसकी लंबाई १४० मील है तथा समुद्र से ६० मील की दूरी तक नाव्य है।

२. झील, पेरियार नदी पर मद्रास राज्य की सीमा पर एक १,२४० फुट की ऊँचाई पर है तथा इसके चारों ओर ४,००० फुट लंबा तथा १७५ ऊँचा बाँध बनाकर एक कृत्रिम जलाशय बनाया गया है जिसे पेरियार झील कहते हैं। यह सागर तल से २,८०० फुट की उँचाई पर है तथा इसके चारों ओर ४,००० फुट से भी ऊँची चोटियाँ हैं। झील के उत्तरी किनारे से ५,७०० फुट लंबी सुरंग द्वारा सुरुली नदी से होकर इसके पानी को वैगाई नदी में गिराया जाता है और वैगाई से सिंचाई की नहरें निकालकर एक लाख एकड़ से भी अधिक क्षेत्र की सिंचाई मदुरे जिले में की जाती है।

(राजेंद्रप्रसाद सिंह)