पीकिंग स्थिति : 39� 54� उ.अ. तथा 116� 28� पू.दे.। यह उत्तरी होपे प्रदेश में स्थित चीन देश की राजधानी तथा देश का राजनीतिक, सामाजिक एवं बौद्धिक केंद्र है। पीकिंग इसका प्राचीन नाम है। नगर का क्षेत्रफल ८,७७० वर्ग किमी. है। उत्तरी चीन के मैदान में चीन की महान दीवार से ३५ मील दक्षिण-पूर्व स्थित यह नगर रेलमार्गों का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी जलवायु महाद्वीपीय है। वर्षा मुख्यत: ग्रीष्मकालीन है तथा वर्षा का वार्षिक मध्यमान ६४ सेंमी. है। मुख्य उद्योग धंधे लोहा और इस्पात, रेल के इंजन एवं डिब्बे, ऊनी वस्त्र, चमड़ा, दियासलाई, काँच तथा मदिरा बनाना है। मिंग एवं चुंग राजवंशों की वास्तुकला की अनेक महान कृतियाँ यहाँ विद्यमान हैं। मंगोलिया एवं मंचूरिया को जानेवाले मार्ग के द्वार पर स्थित होने के कारण पीकिंग नगर गत शताब्दी में अनेक युद्धों का स्थल रह चुका है। प्रागैतिहासिक मनुष्य अर्थात् 'पीकिंग मैन', की हड्डियों के अवशेष नगर के समीप ही मिले थे। नगर की शिक्षा संस्थाओं में नैशनल यूनिवर्सिटी, पीकिंग यूनियन, मेडिकल कालेज तथा यनचिंग यूनिवर्सिटी अधिक विख्यात हैं।(राधिकानारायण माथुर)