पिट्सफील्ड स्थिति : 42� 28� उ.अ. तथा 73� 17� प.दे.। यह संयुक्त राज्य, अमरीका के मासाचुसेट्स राज्य का पश्चिमवर्ती नगर तथा बर्कशिर काउंटी का केंद्र है। इसे सड़कों एवं रेलों की सुविधाएँ प्राप्त हैं। यह बर्कशिर पहाड़ी के मध्य १,००० फुट की ऊँचाई पर, ४२.४ वर्ग मील में फैला है। हूसाटोनिक नदी की तीन शाखाएँ शहर के अंदर से गुजरती हैं। इसकी सीमाओं में पोंटूसुक, ओनोटा और मोरवुड तीन झीलें हैं। यह सुंदर नगर है। गरमी एवं जाड़े के खेलकूद के लिए यहाँ स्टेडियम है। यहाँ के उद्योगों में विश्व का सबसे बड़ा विद्युत् कारखाना और संयुक्त राज्य, अमरीका, के बैंक नोट तथा गवर्नमेंट बांड के लिए पूर्ण रूप से कागज बनानेवाली मिलें सम्मिलित हैं। कपड़े का उद्योग, मुख्य रूप से ऊनी वस्त्र का, प्राचीनतम है। छोटी-मोटी बारीक चीजें, कागज की मिलों में प्रयुक्त होनेवाले औजार, मशीनों के पुरजे, रेशम आदि यहाँ के अन्य उत्पादन हैं।(दीनानाथ सिंह)