पिओरिया स्थिति : 40� 40� उ.अ. तथा 89� 40� प.दे.। यह संयुक्त राज्य अमरीका के इलिनाय प्रदेश में, उत्तर-मध्य में स्थित नगर है। यह इलिनाय नदी के किनारे १३ किमी. की लंबाई में फैला हुआ है। पिओरिया झील तथा पिओरिया नदी के सुंदर प्रपात विशेष रमणीक दृश्य उपस्थित करते हैं। यह मक्का उत्पादक क्षेत्र के बीच स्थित है। इसके समीप में ही कोयले की खानें हैं। यह अनाज एवं पशुओं के विक्रय का केंद्र है तथा मदिरा के उत्पादन के लिए विख्यात है। यहाँ के उद्योग धंधों के अंतर्गत कृषि एवं सड़क निर्माण के मंत्र, खाद्यान्नों से निर्मित पदार्थ, कपड़ा धोने की मशीनें, लोहे के सामान, कल-पुर्जें, चीनी मिट्टी के बरतन, सूती कपड़े तथा रासायनिक पदार्थों का उत्पादन आता है। यह नगर वायुमार्ग, रेल, नदीमार्ग तथा सड़क आदि का केंद्र है। ये समीपवर्ती क्षेत्र की उपज की मंडी है। यहाँ ब्रैडले विश्वविद्यालय है।(राधिकानारायण माथुर)