पालेंबांग स्थिति : ३रू ३०फ़ द.अ. तथा १०४रू ५०फ़ पू.दे.। यह दक्षिण-पूर्वी सुमात्रा में मोइसी नदी के किनारे स्थित नगर एवं रेजिडेन्सी है। इस रेजिडेन्सी का क्षेत्रफल ८६,३५६ वर्ग किमी. है। यह सुमात्रा के पश्चिमी तट पर स्थित है। यह रेजिडेन्सी सुदूर दक्षिणपूर्वी पहाड़ी भाग को छोड़कर समतल और अनेक नदियों द्वारा विभाजित है। इनमें सर्व प्रधान मोइसी नदी है जिसकी अनेक महत्वपूर्ण शाखाएँ हैं। इसी के किनारे पर, समुद्र से लगभग ५० मील दूर, जहाँ यह दो मुख्य शाखाओं में विभाजित हो जाती है, रेजिडेन्सी की राजधानी, बंदरगाह एवं दक्षिण सुमात्रा का व्यापारिक नगर पालेबांग स्थित है। यह नदी के दोनों तरफ फैला है। यहाँ के निवासी अधिकांशत: मलय हैं। सार्वजनिक इमारतें, होटल, गिरजाधर, यूरोपीय व्यापारिक कार्यालय, निवास स्थान तथा एक प्रस्तर निर्मित मस्जिद यहाँ विद्यमान है। पालेंबांग शहर में अधिकांश इमारतें बाढ़ के कारण लकड़ी की बनी हुई हैं। नदी के निचले भाग में स्थित प्लाजू खनिज तेल का केंद्र है, जो रायल डच पैट्रोलियम कंपनी के हाथ में है। पालेंबांग मलय द्वीप के पूर्वी बंदरगाहों, थाईलैंड तथा चीन से बड़ी मात्रा में व्यापार करता है। खनिज तेल निर्मित वस्तुएँ यहाँ के निर्यात के मूल्य का भाग पूरा करती हैं। रबर, कॉफी एवं कोयला निर्यात की अन्य वस्तुएँ हैं। चावल मुख्य खाद्यान्न है। यहाँ यातायात के साधन भी उत्तम हैं।(दीनानाथ सिंह)