पार्मा १. प्रांत, यह इटली का एक प्रांत है। इसमें ५१ कम्यून (Communs) हैं तथा इसका क्षेत्रफल १,३३४ वर्ग मील है। पूर्व में यह ऐंज़ा नदी द्वारा अन्य प्रांतों से अलग है। ऐपेनाइंज़ श्रेणी से पो नदी इसे अलग करती है। इसका लगभग आधा भाग पहाड़ी होने पर भी उपजाऊ तथा प्रमुख कृषिप्रधान प्रांत है। मुख्य फसलें खाद्यान्न, अंगूर, चारा एवं सब्जियाँ हैं। यहाँ एक विशेष प्रकार का पनीर बनाया जाता है। यहाँ पेट्रोलियम तथा कुछ अन्य खनिज भी प्राप्त होते हैं। यह विशेष घना बसा नहीं है।

२. नगर, स्थिति : ४४ ४७ उ.अ. तथा १० १७ पू.दे.। यह इटली का सुंदर नगर, विशप शासित धर्ममंडल तथा रेलों का जंक्शन है। यह पो की सहायक पार्मा नदी के दाहिने किनारे पर बोलोन्या से रेल द्वारा ५५ मील उत्तर-पश्चिम में बसा है और पार्मा प्रांत की राजधानी भी है। यह पार्मा नदी के उपजाऊ मैदान में घना बसा नगर है। ऐपेनाइंज की पहाड़ियाँ भी इस नगर के निकट से ही दक्षिण में आरंभ हो जाती हैं। इस नगर के पुराने नक्काशीदार भवन आज के नए नए तथा सुंदर भवनों में बदलते जा रहे हैं। पार्मा एक पुराना ऐतिहासिक नगर है। यहाँ पर पार्मा विश्वविद्यालय है। अनाज, पशु एवं डेरी संबंधित वस्तुएँ विशेषतया परमीसन नामक पनीर आदि के व्यापार में इसका प्रमुख स्थान है। रेलवे लाइनें इसे कई नगरों से जोड़ती हैं।

३. इसी नाम का एक नगर संयुक्त राज्य, अमरीका के उत्तरी ओहायो प्रांत की काइहॉगा (Cuyahoga) काउंटी में क्लीवलैंड से छह मील दक्षिण में स्थित है।

(शांतिलाल कायस्थ)