पाराना १. राज्य, स्थिति: २४� ३०� द.अ. तथा ५१� ०� प. दे.। यह दक्षिणी अमरीका, महाद्वीप के दक्षिणी ब्राजील में स्थित राज्य है। इस राज्य के उत्तर में सोउंम पोउलू, दक्षिण में सैंटा कैटारीना, पूर्व में ऐटलैंटिक महासागर तथा पश्चिम में पैराग्वाई नामक राज्य स्थित है। इस राज्य का क्षेत्रफल ८२,७४१ वर्ग मील है, तथा जनसंख्या ४१,१०,००० (१९६०) थी। इस राज्य को दो असमान भागों में बाँटा जा सकता है : १. तटीय संकरा मैदान जो दलदली एवं जंगलों से ढँकी सकीर्ण पट्टी है। २. २,५०० फुट से ३,००० फुट तक ऊँचा पठारी भाग, जो तटीय मैदान के पश्चिम में है। इस पठार की ढाल पश्चिम की ओर (पनामा नदी की ओर) है। इस पठारी भाग में पानी बहुत ही कम ठहरता है जिसके कारण भूमि कम उपजाऊ है। इस राज्य की जलवायु शीतोष्ण है, तथा अधिकांश भाग वनों से घिरा हुआ है। कुछ पूर्वी क्षेत्रों में खेती भी की जाती है, जबकि इस राज्य का मुख्य व्यवसाय पशुपालन है। इस राज्य में रेल एवं सड़क यातायात के साधन हैं। यहाँ के निवासी अधिकांशत: विदेशी हैं। आदिवासी भी बहुत कम संख्या में ऊँचे पठारी भागों में पाए जाते हैं। कूरिटीवा नामक नगर इस राज्य की राजधानी है, जिसकी जनसंख्या ३,६१,३०९ (१९६०) थी। लोडंड्रीना, पारानाग्वा, पोंटा ग्रासा आदि इसके अन्य प्रमुख नगर है।
नदी, दक्षिणी अमरीका के ब्राज़िल, पैराग्वाई एवं आर्जेंटीना राज्यों की एक प्रमुख नदी है। यह रिओ डि ला प्लाटा की खाड़ी द्वारा ऐटलैंटिक महासागर में मिल जाती है। पुराना नदी लगभ २,०४०, मील लंबी है और लगभग १२,००,००० वर्ग मील क्षेत्र का पानी इस नदी में बहता है। इस नदी की तुलना उत्तरी अमरीका की मिसिसिपी नदी से की जाती है। पानी की अधिकता के कारण यह नदी सागर की जननी कही जाती है। यह परानाईवा तथा रीऊ ग्रैंडे नामक दो सहायक नदियों से मिलकर बनी है। यह विशाल जलप्रवाह दक्षिणी अमरीका के यातायात का मुख्य साधन है। इस नदी में अर्जेंटीना के रासायों (Rosario) नामक स्थान तक बड़े बड़े समुदी जहाज जाते हैं। आर्जेंटीना का प्रसिद्ध नगर तथा बंदरगाह व्येनस एयरिज़ (Buenos Aires) इस नदी के दाहिने किनारे पर बसा है।(शांतिलाल कायस्थ)