पाराईबा (Paraiba) स्थिति : ७रू ०फ़ द. अ. तथा ३७रू ०फ़ प. दे.। यह उत्तर-पूर्वी ब्राज़िल का एक राज्य है, जिसको पाराहिबा (Parahiba) भी कहते हैं। इसके उत्तर में रीऊ ग्रैंडे दू नॉर्टें (Rio Grande Do Norte), दक्षिण में परनैमव्यूको (Pernambuco), पूर्व में ऐटलैंटिक महासागर, तथा पश्चिम में सेअरा (Ceara) राज्य हैं।इस राज्य का क्षेत्रफल २१,५९१ वर्ग मील तथा जनसंख्या २०,१८,०२३ (१९६०) थी। सागर के पास इस राज्य में ३० से ४० मील चौड़ी एक समतल पट्टी है जिसके बाद भूमि क्रमश: ऊँची होनी प्रारंभ हो जाती है, जो ब्राज़िल के पठार का भाग है। यहाँ पर अप्रैल से अक्टूबर तक की ऋतु शुष्क रहती है। कभी तो दो या तीन वर्षों तक लगातार वर्षा ही नहीं होती जिसके कारण इस क्षेत्र में कृषि तथा चरागाह बहुत उन्नत अवस्था में नहीं है। यहां के लोग मुख्य: कपास, गन्ना, तंबाकू तथा रबर की खेती करते हैं। ऊँचे स्थानों पर पशुपालन होता है। यहाँ की मुख्य निर्यात वस्तुएँ खाल, हड्डी, कपास, चीनी, तंबाकू तथा रबर आदि हैं। इस राज्य की मुख्य नदी पाराईबा है, जो राज्य के दक्षिणी भाग में लगभग २४० मील तक पश्चिम से पूर्व को बहती है। इस राज्य के पूर्वी भाग में रेलें भी हैं। ज्वाउंम पेसोआ (Joao Pessoa) नामक नगर इस राज्य की राजधानी है। वैनानीयरस, कैपीना ग्रैडे, गुआराबीरा और सौसा इत्यादि इस राज्य के अन्य मुख्य नगर हैं।(शांतिलाल कायस्थ)