पॉज़नान्य (Poznan) १. प्रांत, स्थिति : ५१° १०¢ से ५३° १०¢ उ. अ. तथा १५° ५०¢ से २०° ०¢ पू. दे.। यह पोलैंड का एक प्रांत है। इसका क्षेत्रफल २७,७०५ वर्ग किमी. तथा जनसंख्या १९,९४,००० (१९६०) थी। प्रारंभ में यह पोलैंड साम्राज्य का अंग था, पर १७९३ ई. के विभाजन के परिणामस्वरूप प्रशा के अधीन हो गया। यह ऐतिहासिक युद्धों में विभिन्न राष्ट्रों के सैनिकों द्वारा पदाक्रांत होता रहा। प्रांत का अधिकतर भूभाग वारता (Warta) नदी द्वारा सिंचित है और यूरोप के बृहत् उत्तरी मैदान का ही एक भाग है। प्राचीन काल का यह दलदली भाग अब कृषिप्रधान क्षेत्र हो गया है, जहाँ अनेक प्रकार के खाद्यान्न एवं आलू की कृषि मुख्य रूप से होती है। पॉज़नान्य, ग्निएजनो (Gniezno) आदि प्रमुख नगरों में लकड़ी, धातु, वस्त्र एवं कलपुर्जों के उद्योग प्रमुख हैं।
२. नगर, स्थिति : ५२° २५¢ उ. अ. तथा १७° ०¢ पू. दे.। पोलैंड के पॉज़नान्य प्रांत का प्रशासनिक एवं औद्योगिक केंद्र हैं, जो वॉरसॉ से १८० मील पश्चिम एवं बर्लिन से १५० मील पूर्व वारता नदी के दोनों तटों पर स्थित है। यह रेलमार्ग का केंद्र है तथा पोलैंड के नहर परिवहन द्वारा विस्चुला नदी से मिला हुआ है। मशीन बनाने के उद्योग, रेलमार्ग की पटरियाँ, साइकिलें, लकड़ी के सामान, वस्त्रोद्योग, चर्मोद्योग आदि यहाँ के प्रमुख उद्योग धंधे हैं जिनका विकास और पुनर्नवीनीकरण युद्ध एवं युद्धोत्तर कालों में उत्तरोत्तर होता रहा है।(कैलाशनाथ सिंह)