पाइरीअस (Piraeus) स्थिति : ३७ ५८ उ.अ. तथा २३ ४२ पू.दे.। ग्रीस में सारॉनिक की खाड़ी में एथेंस से पाँच मील दक्षिण-पश्चिम स्थिति नगर एवं बंदरगाह है। यह ग्रीस का प्रसिद्ध औद्योगिक नगर एवं सर्वप्रमुख बंदरगाह है। ग्रीस का आधा आयात इसी बंदरगाह से होता है। जलयान निर्माण एवं मरम्मत उद्योग बहुत ही प्राचीन काल से होता चला आ रहा है। यहाँ यंत्र, उर्वरक, सूती वस्त्र, कंबल, साबुन, कागज, सिगरेट, खपरैल, ईटों तथा औषधियों का निर्माण होता है। समीप में ही स्थित तापविद्युत् गृहों से इस नगर के उद्योग धंधे चलाए जाते हैं। इस आयताकार नगर में औद्योगिक, व्यापारिक एवं नौसैनिक प्रशिक्षण के तथा संगीत के विद्यालय हैं।

पाइरीअस की जनसंख्या १,८४,८०२ (१९५१) थी। इस प्राचीन नगर एवं बंदरगाह का विकास सर्वप्रथम फारस युद्धों (Persian War) में नौसैनिक अड्डे के रूप में और तत्पश्चात् व्यापारिक बंदरगाह के रूप में हुआ। सुरक्षात्मक दृष्टि से इस नगर की सीमा के समांतर लंबी दीवारें (४६१-४५६ ई.पू.) बनाई गई जिनका संबध एथेंस से था। १८३४ ई. में प्राचीन पाइरीअस के स्थान पर आधुनिक एथेंस के बंदरगाह के रूप में मांटे लियॉन नामक गॉव को चुना गया और बाद में इसका नामकरण पाइरीअस कर दिया गया तथा तीव्र गति से इसका विकास हुआ। यह द्वितीय विश्वयुद्ध में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ था लेकिन संयुक्त राज्य, अमरीका की सहायता से इसका पुननिर्माण हुआ। इसे पिरीफस भी उच्चारित करते हैं।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)