पाँटेवेद्रा १. प्रांत, स्थिति : ४२° २६¢ उ.अ. तथा ८° ४०¢ प.दे.। यह उत्तर-पश्चिमी स्पेन का समुद्री प्रदेश है जिसकी तटरेखा रिया या फियॉर्ड द्वारा बहुत कटी फटी है। इसका धरातल अधिकांशत: पहाड़ी है। मिन्हों तथा उल्ला मुख्य नदियाँ हैं। यहाँ गरमी में कुहरे एवं जाड़े में तूफानों के कारण नौका संचालन कठिन रहता है। मुख्य नगरों में बड़े बड़े कृषि मेले लगते हैं। मैदानी भागों में राई, मक्का, आलू, फल एवं तरकारी की खेती तथा तटीय भागों में अंगूर की खेती होती है। इस प्रदेश में टिन एवं टंगस्टन की खुदाई होती है। पशुपालन, लकड़ी काटना एवं कृषि पर निर्भर उद्योग, मांस एवं संसाधन मछलियों को सुखाकर डब्बों में बंद करने के कार्य उल्लेखनीय हैं। यहाँ से पशु, मांस, अंडे, मछलियों, शराब, पावरोटियों तथा चमड़े की वस्तुओं का निर्यात किया जाता है। वीगो यहाँ का मुख्य बंदरगाह है। इसके अतिरिक्त वील्यागारदीआ, बायोना, कारिल, मेरिन आदि नगरों में भी अच्छे बंदरगाह हैं। टुय (Tuy) नामक नगर में स्पेनी एवं पुर्तगाली रेलें हैं। इस प्रदेश का क्षेत्रफल १६९५ वर्ग मील था।

२. नगर, स्थिति : 42° 26¢ उ.अ. तथा 8° 39¢ प.दे.। इसी नाम के प्रदेश की राजधानी, सैंटियागो से ३० मील दक्षिण-पश्चिम टुय-कोरुना रेलमार्ग पर, लेरेज़ (Lerez) नदी के किनारे स्थित है। यहाँ की जनसंख्या २०,२०० (१९५०) थी। इस नगर का नामकरण १२ गुंबदवाले रोमन पुल, पोंस वेटस के नाम पर हुआ है। यह पुल लेजेज़ के मुहाने के समीप है तथा मुख्यत: ग्रेनाइट का बना हुआ है। यहाँ वस्त्र, टोप, मिट्टी के खिलौने एवं चमड़े की वस्तुएँ बनाई जाती हैं। मछली पकड़ना, शराब बनाना, नाव बनाना, लकड़ी चीरना एवं दुग्ध पदार्थों का निर्माण इस नगर के मुख्य उद्योग हैं। सेंट मैरी गिरजाघर तथा पांस वेटस पुल दर्शनीय हैं। यहाँ नौसैनिक रेडियो केंद्र हैं।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)