पलटावा नगर, स्थिति : ४९ ३५ उ.अ. तथा ३४ ३५ पू.दे.। यह रूस के यूक्रेनियन सोवियत रिपब्लिक में वॉर्स्कला नदी के किनारे कीएव नगर से १८० मील पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित नगर है। यह यूक्रेन की पुरानी बस्ती है। १२वीं शताब्दी में इसका नाम लटावा (Ltowa) या ओल्टावा था, जो १५वीं शताब्दी में पलटावा हो गया। पलटावा ऐतिहासिक नगर है, जो १८वीं एवं १९वीं शताब्दियों में समृद्धिशाली व्यापारिक केंद्र तथा यूक्रेन के साहित्यिक एवं राष्ट्रीय आंदोलनों का केंद्र रह चुका है। नगर से तीन मील उत्तर-पूर्व में पलटावा की लड़ाई (१७०९ ई.) का स्थान है, जहाँ पीटर महान् के नेतृत्व में रूसियों ने स्वीडन की सेनाओं को हराया था।

संपन्न कृषिक्षेत्र में स्थित यह प्रसिद्ध औद्योगिक केंद्र है। यहाँ मुख्यत: चीनी, मशीनरी एवं चमड़े की वस्तुओं का निर्माण होता है। मांस को डिब्बों में बंद करने, आटा पीसने, सूर्यमुखी के बीजों से तेल निकालने एंव पावरोटी बनाने का काम व्यापक रूप से यहाँ होता है। यहाँ कृषि एवं अध्यापक प्रशिक्षण महाविद्यालय तथा ऐतिहासिक संग्रहालय हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध में पलटावा रूसी हवाई अड्डा था।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)