परनैंब्यूको १. राज्य, स्थिति : 8� 30� द.अ. तथा 38� 0� प.दे.। उत्तर-पूर्वी ब्राज़िल का पठारी राज्य है जिसका क्षेत्रफल ३८,४५८ वर्ग मील एवं इसे तीन प्राकृतिक भागों में विभक्त किया गया है : १. समुद्रतटीय भाग, यह उपजाऊ तथा जंगलों से ढका हुआ है। इसकी जलवायु गरम और आर्द्र है तथा इस भाग को स्थानीय रूप से जंगल (Matas) कहते हैं। २. मध्यवर्ती भाग, इसे कोटिंग (Coating) या एग्रीस्टे (Agreste) क्षेत्र कहते हैं। यहाँ की जलवायु उष्णतर है, तथा वनस्पतियाँ बहुत ही छोटी छोटी हैं। ३. आंतरिक भाग, इसे सरटाओ (Sertao) कहा जाता है। यह क्षेत्र ऊँचा, पथरीला एवं शुष्क है और प्राय: दीर्घकालीन अवर्षण के कारण वीरान हो गया है। गरम दिन एवं ठंडी रात्रि यहाँ की जलवायु की विशेषता है तथा यह साधारणत: स्वास्थ्यप्रद समझी जाती है। यहाँ दो ऋतुएँ होती हैं : १. वर्षा जो मार्च से जून तक होती है, एवं २. ग्रीष्म, जो साल के शेष महीनों में रहती है। गोइआना (Goiana) परनैंब्यूको की सर्वप्रमुख नदी है, जो पूर्वोत्तर भाग के कृषिक्षेत्र को सींचती है। परनैंब्यूको राज्य मुख्यत: कृषक एवं औद्योगिक क्षेत्र है। यहाँ ईख, कहवा, कपास, तंबाकू मक्का, सोयाबीन एवं फल पर्याप्त मात्रा में उत्पन्न किए जाते हैं। कुछ भागों में रबर का आक्षोर भी एकत्र किया जाता है। शराब, वस्त्र, चीनी एवं प्रसाधन सामग्री का निर्माण यहाँ के प्रधान उद्योग धंधे हैं। यहाँ से शराब, चीनी, शीरा, तंबाकू एवं फलों का पर्याप्त मात्रा में निर्यात किया जाता है। यह राज्य पशुपालन के लिये भी प्रसिद्ध है।
सन् १५३० में यहाँ पर ओलिंदा में प्रथम स्थायी निवास का आरंभ हुआ। यह फ्रांस, पुर्तगाल, हॉलैंड आदि के अधिकार में रह चुका है, लेकिन अब स्वतंत्र है। सरटाओ (Sertao) के आंतरिक भाग की जनता अपने उपद्रवी एवं अवैधानिक स्वभाव के लिये विख्यात है। इसका मूल कारण समुद्र से दूरी एवे आवागमन के साधनों की कमी रही है, और अंशत: इसलिये भी कि तटीय नगरों से अपराधी आंतरिक्त भागों में भेजे जाते थे।
२. नगर, (रेसीफै) यह ब्राज़िल का तीसरा बड़ा नगर एवं बंदरगाह है, जो रीओ-डे-जानेरो से १,१५० मील उत्तर-उत्तर-पूर्व में ब्राज़िल के पूर्वी कोने पर स्थित है। परनैंब्यूको जिसे रैसीफे, भी कहते हैं, राज्य की राजधानी है। यह नगर कापेवारीवै नदी के मुहाने एवं प्रायद्वीप की एक छिछली झील के किनारे बसा हुआ है, तथा ५० फुट चौड़ी मूँगे की चट्टान से घिरा होने के कारण जलयानों के लिये उत्तम पोताश्रय बन गया है। यह नगर मुख्यत: रैसीफे, सेंट एंटोनिओ, सौनझूज़े और बोआ वीस्टा, इन चारों नगर के जुड़ने से बना है। यह उत्तर-पूर्वी ब्राज़िल का मुख्य व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र है। यहाँ चीनी, वस्त्र, सीमेंट, कागज, चमड़ा, शीरा तथा ऐस्बेस्टॉस के कारखानों के अतिरिक्त ब्राज़िल का विद्युद्यंत्रों के निर्माण का बहुत बड़ा कारखाना है। यहाँ से शीरा, चीनी, एवं शराब का निर्यात होता है। परनैब्यूको आवागमन के साधनों का केंद्र है। यहाँ का इबुरा हवाई अड्डा (संयुक्त राष्ट्रसंघ का द्वितीय विश्वयुद्ध का हवाई अड्डा) नगर के ठीक दक्षिण में है। १७वीं शताब्दी का बड़ा गिरजाघर, डचों का किला, राजप्रासाद एवं थिएटर यहाँ के दर्शनीय भवन हैं। रॉकफैलर के अनुदान से अस्पताल, आधुनिक जलपूर्ति एवं जलनिकास की सुविधाएँ निर्मित हुई हैं। यहाँ विश्वविद्यालय भी है। विषुवतरेखा एवं निम्न ऊँचाई पर स्थित होने के कारण जलवायु गरम रहती है। यहाँ की औसत वर्षा ६५ इंच है।
(राजेंद्रप्रसाद सिंह)