न्यूसाउथवेल्स (New South Wales) स्थिति : २९� ३६� द. अ. तथा १४१� १५४� पू. दे.। यह आस्ट्रेलिया का एकराज्य है इसके उत्तर में क्वींसलैंड, पश्चिम की तरफ दक्षिणी आस्ट्रेलिया, दक्षिण की तरफ विक्टोरिया और पूर्व की तरफ प्रशांत महासागर स्थित है। ५ वर्ग मीलवाले लार्ड होउ (Lord Howe) द्वीप को भी सम्मिलित करके इसका संपूर्ण क्षेत्रफल ३,०९,४३२ वर्ग मील है। तथा राज्य की जनसंख्या ३९,१७,०१३ (१९६१) थी।
एक सँकरे तटीय मैदान के पश्चिम में महाविभाजक पर्वतमाला का दक्षिणी भाग, जो पूर्वी उच्च प्रदेश के नाम से भी विख्यात है, इस राज्य के पूर्वी हिस्से में उत्तर से दक्षिण की तरफ करीब ६०० मील तक फैला है। उत्तर में न्यूइंग्लैंड पठार ५,००० फुट तथा दक्षिण में कोजियसको (Kosciusko) पर्वत ७,३२८ फुट ऊँचा हैं। इन प्रदेशों में पशुओं तथा भेड़ों की चराई बड़ी मात्रा में की जाती है। यहाँ की द्रुतगामी नदियों में हंटर, वोलोंगडिली, क्लेरेंस तथा मैकली विशेष उल्लेखनीय हैं, जो मध्य विभाजक पर्वतमाला से प्रारंभ होकर पूर्वी किनारों की ओर बहती हैं। महाद्वीप की सबसे बड़ी नदी मरी है। यह नदी आस्ट्रेलिया में स्थित काजियसको पर्वत से निकलती है तथा पश्चिम की तरफ प्रवाहित होती हुई १,२०० मील तक न्यूसाउथ वेल्स तथा विक्टोरिया की सीमा बनाती है। इसके दक्षिण सीमावर्ती प्रदेशों में यह नदी सिंचाई के लिए उपयुक्त वातावरण पैदा करती है। इसकी प्रमुख सहायक नदियाँ लाकलेन तथा डार्लिंग हैं।
यहाँ की जलवायु धरातल की बनावट के साथ परिवर्तनशील है। तटीय क्षेत्र मुख्यत:, उत्तर - पूर्वी किनारा अपेक्षाकृत अधिक वर्षा तथा आर्द्रता प्राप्त करते हैं। यहाँ की औसत वर्षा ८०� � प्रतिवर्ष तक है। पठार ठंढे तथा पश्चिमी मैदान सूखे हैं। इन स्थानों में १०� � प्रतिवर्ष से अधिक वर्षा नहीं होती। यहाँ का औसत ताप ७� सें. है।
यहाँ कृषि कार्य प्रधान है। १९६१ में कृषि में लगी समसत भूमि का योग ४३,११,६५० एकड़ था। यहाँ के पशुओं में भेंड़े, सुअर, घोड़े आदि मुख्य हैं। यहाँ २,२६,४२,००० एकड़ भूमि पर जंगल हैं जिनमें से केवल ६४,२०,००५ एकड़ में सरकारी वन हैं। सरकारी वनों में १४,४१,५४२ एकड़ भूमि पर टिंबर रिजर्व की व्यवस्था है। यहाँ लकड़ी चीरने की ९४६ मिलें हैं।
आस्ट्रेलिया का उन्नतिशील लौह उद्योग प्रधानत: इसी राज्य में केंद्रित है। कच्चा लोहा दक्षिणी आस्ट्रेलिया में स्थित हवाइला खान से जलमार्ग द्वारा सिडनी से १०० मील उत्तर-पूर्व न्यूकासल के कोयले तथा इस्पात के भंडार के पास लाया जाता है। यह राज्य आस्ट्रेलिया के अन्य राज्यों से निर्मित वस्तुओं के विषय में आगे है। भारी सामग्रियों में मशीनों के औजार, सूत तथा वस्त्रनिर्माण (टेक्स्टाइल) की मशीनें, परिवहन संबंधी वस्तुएँ, कृषि यंत्र, तेल, कागज, सीमेंट आदि हैं।
सिडनी इस महाद्वीप का प्रसिद्ध नगर तथा इस राज्य की राजधानी है। यहाँ का हवाई मार्ग भी पर्याप्त उन्नतिशील है। इसके अलावा यातायात के अन्य साधनों में भी पर्याप्त उन्नति हुई है। यहाँ की प्रधान निर्यात सामग्री के अंतर्गत ऊन, गेहूँ, धान, आटा, दूध, फल, मांस, चमड़ा, कोयला आदि हैं।
शिक्षा के लिए यहाँ पृथक् विधान है, जो ६ तथा १५ वर्ष के मध्य के बालकों को शिक्षार्थ प्रोत्साहित करता है। राजकीय पाठशालाओं में शिक्षा नि:शुल्क है। सन् १९६० के अंत तक २,७१७ पाठशालाएँ थीं जिनमें ३४७ माध्यमिक स्कूल भी थे। सिडनी विश्वविद्यालय काफी ख्यातिप्राप्त है। यहाँ पर सिडनी तथा न्यूइंग्लैंड में प्रसिद्ध विश्वविद्यालय हैं।
सिडनी की समस्त जनसंख्या २१,८३,३८८ (१९६१) थी। अन्य नगर ब्रोकेनहिल (३१,२६७), ब्लुमाउंटेंस (२८,११९) तथा मैंटलैंड २७३५३ है।(बसंतसिंह )