न्यूरेमबर्ग (Nuremberg) या नुर्नबेर्ख़ (Nurnberg) स्थिति : ४९ २६ उ. अ. तथा ११ पू. दे.। जर्मनी में म्यूनिक से ९३ मील उत्तर-पश्चिम पेग्नितज नदी के किनारे स्थित यह नगर बवेयरिया की व्यापारिक राजधानी है। किसी समय यह जर्मनी के स्वतंत्र राजशाही नगरों में सबसे धनी था। अंशत: यह नगर १०० चौड़ी पुरानी दीवाल तथा ५० गहरी खाई द्वारा घिरा हुआ है।

तैल चित्रकारी से सुसज्जित १४वीं सदी का विशाल नगरसभाभवन (rathaus) तथा सेंट सेबाल्ड और सेंट लारज के चर्च वास्तुकला के विशिष्ट नमूने हैं। राष्ट्रीय संग्रहालय के साथ ही साथ यहाँ ३,४०,००० पुस्तकों तथा हस्तलेखों से युक्त एक पुस्तकालय भी है।

निर्माण की वस्तुएँ मुख्यत: खिलौने, पेंसिल और कलम, घड़ियाँ, युद्ध के यंत्र, चश्मा, भारी यंत्र, टंकणयंत्र तथा कार्यालय में प्रयुक्त होनेवाली अन्य मशीनें एवं यंत्र, रेलकोड कार, बिजली के उपकरण, शराब, रसायन और वस्त्र हैं। मुद्रण, टाइप ढालने का कार्य एवं जिल्दबंदी का कार्य व्यापक रूप से होता है। यह नगर अपने उद्योगों के कारण, जैसे घड़ियों के आविष्कार, गोल ताला, मापपट्टिका (gauge plates for drawing) एक प्रकार की बाँसुरी (clarionets) तथा वायुयान के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ एक विशाल औद्योगिक संग्रहालय तथा शिल्पकारों के लिए शिक्षण विद्यालय के अतिरिक्त असंख्य शैक्षाणिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएँ हैं। यहाँ की जनसंख्या ४,५९,४७७ (१९६१) थी।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)