न्यूब्रंजविक (New Brunswick) १. राज्य, स्थिति : ४५ ४८ उ. अ. तथा ६४ ६८ प. दे.। ऐटलैंटिक महासागर के तट पर स्थित यह राज्य कैनाडा के समुद्रतटीय राज्यों में से एक है। इसका क्षेत्रफल २८,३५४ वर्ग मील है तथा जनसंख्या ५,९७,९३६ (१९६१) थी।

इस राज्य के एक तिहाई भाग में नीचा त्रिभुजाकार पूर्वी तटीय क्षेत्र है, जहाँ से ऊँचाई उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम एवं दक्षिण की और क्रमश: बढ़ती है। सबसे ऊँचा स्थान कार्लटन पहाड़ी (२,६९० ) है। धरातल काफी ऊबड़ खाबड़ है। समुद्रतट भी कटा फटा है। अनेक छोटी छोटी नदियाँ हर दिशा में बहती हैं। समुद्र के प्रभाव से जलवायु सम है।

८० प्रतिशत भूमि वनाच्छादित है जिसमें सनोवर, हेमलॉक, सिडार आदि वृक्ष मिलते हैं। लुगदीवाली लकड़ियों का यहाँ से निर्यात किया जाता है। समुद्र में कॉड, हेरिंग, सार्डिन, शांबरी आदि मछलियाँ पर्याप्त मिलती हैं। कोयला, ताँबा, तथा मैंगनीज के भी प्रचुर भंडार का पता लगा है। यह मेन तथा क्विबेक राज्यों के बीच पुल का काम करता है। फ्रेडरिकटन (राजधानी), सेंट जॉन तथा मंक्टन इस राज्य के प्रमुख नगर हैं।

२. नगर, स्थिति : ४० ३० उ. अ. तथा ७४ २८ प. दे.। संयुक्त राज्य, अमरीका के न्यूजर्ज़ी राज्य का एक नगर है, जो न्यूयॉर्क से ३३ मील दक्षिण-पश्चिम की ओर है। यह प्रधानत: औद्योगिक तथा आवासीय नगर है पर यहँ व्यापार भी काफी विकसित है। यह दवाइयाँ बनाने का केंद्र है तथा मोटर के पुर्जे एवं सिगार के लिए भी विख्यात है। यहाँ कई शिक्षण संस्थाएँ भी हैं जिनमें रटजर्स विश्व विद्यालय प्रमुख है। जनसंख्या ४०,१६८ (१९६०) थी।(जगदीश सिंह)