न्यूबोल्ट, सर हेनरी (१८६२-१९३८) नगर पादी के पुत्र, अंग्रेजी साहित्य के कवि, समालोचक तथा गद्यलेखक। वकील के रूप में जीवन का आरंभ (१८८७-१८९९)। सर्वप्रथम कहानी रचना 'टेकेन फ्रॉम दि एनिमी' (१८९२), 'मारड्रेड' नामक दु:खांत नाटक (१८९५) जिसमें टेनिसन द्वारा वर्णित आदर्श ऐतिहासिक सम्राट् आर्थर को दोषपूर्ण प्रदर्शित किया गया है। 'एडमिरल आल' (१८९७), ग्राम गीत द्वारा साहित्य क्षेत्र में विशेष ख्याति 'दि ओल्ड' कंट्री, (१९०६) उपन्यास में इंग्लैंड की प्राकृतिक छटा तथा बीती शताब्दियों की घटनाओं के वर्णन के साथ तत्कालीन पात्रों को एक दूसरे के साथ सहयोग करते हुए दिखाया गया है। 'दि न्यू जून' (१९०९) नामक उपन्यास में मध्यकालीन लोगों को आधुनिक परिस्थितियों में खड़ा कर दिया गया है। इन दोनों उपन्यासों से लेखक को विशेष जनसंमान प्राप्त हुआ। साहित्य के अतिरिक्त राजनीति, कूटनीति, समाजसेवा, अध्यापन आदि विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव इनके साहित्य में स्पष्ट परिलक्षित है। 'ट्रुवे मैस' (१९११) में आत्मपरिचयात्मक बातों का उल्लेख है। प्रथम विश्वयुद्ध में राजकीय सूचना विभाग तथा जहाजी बेड़ा विभाग में जिम्मेदारी के पदों का उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वाह किया। १९१४ में 'ड्रेक्स ड्रम' तथा अन्य समुद्रगीत प्रकाशित हुए। १९१५ में इन्हें 'सर' की उपाधि दी गई। 'ए न्यू स्टडी अॅव इंग्लिश पोएट्री' (१९१७) समालोचनात्मक ग्रंथों में विशेष महत्वपूर्ण है। सेंट जार्जस डे तथा अन्य कविताएँ (१९१८) प्रमुख युद्धकाव्य हैं। १९२० में 'नेवेल हिस्ट्री ऑव दि ग्रेट वार' प्रकाशित हुआ।
न्यूबोल्ट की कविता एवं कहानियों ने सेनाशिविर, अस्पताल तथा जनसाधारण सभी क्षेत्रों में लोकप्रियता प्राप्त की। इनका काव्य मधुर एवं संगीतमय है।
(गिरींद्रनाथ शर्मा)