न्यूकैलेडोनिया स्थिति : २१ द. अ. तथा १६५ पू. दे.। फ्रांस के अधीन दक्षिणी प्रशांत महासागर में आस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड से ७०० मील पूर्व में स्थित द्वीप है। इसका क्षेत्रफल १९,००० व. किमी. तथा जनसंख्या ८८,८०० (१९६३) थी। इसमें मलेशियावासी ४४,०००, यूरोपीय (मुख्यत: फ्रेंच) ३३,००० हिंदेशियावासी ४,५०० एवं शेष में अन्य देशों के निवासी थे। नूमेआ (Noumea) यहाँ की राजधानी है, इसकी जनसंख्या ३५,००० (१९६३) थी। सन् १९६० के गणनानुसार ३,३५३ लोग उद्योगों में, २४८८ खानों में एवं शेष व्यापार, यातायात, कृषि एवं अन्य कामों में लगे थे। यहाँ कृषि का स्थान प्रमुख है जिसमें मक्का, धान शकरकंद, काफी, गेहूँ सोरघम (Sorghum एक तरह का ज्वार), आलू, कंद आदि पैदा किए जाते हैं। यहाँ नारियल भी खूब उगता है। यहाँ घोड़े, बकरियाँ, भेड़ें और सुअर पाले जाते हैं। यहाँ गिलट (निकल) अधिक मिलता है। यहाँ पर ईधंन, पेट्रोलियम, लोहा तथा इस्पात एवं इस्पात निर्मित वस्तुओं का निर्यात होता है। यहाँ यातायात की पर्याप्त उन्नति हुई है तथा शिक्षा का भी काफी प्रसार है। यहाँ का मुख्य धर्म ईसाई है, ६३ प्रतिशत लोग रोमन कैथोलिक धर्म के माननेवाले हैं।