न्यूऑर्लिएंस (New Orleans) स्थिति : ३० उ. अ. तथा ९० पू. प. दे.। संयुक्त राज्य, अमरीका के लुइजिएना राज्य का यह सबसे बड़ा नगर मिसिसिपी नदी के किनारे, इसके मुहाने से १०७ मील ऊपर स्थित है। नदी की अर्धचंद्राकार मोड़ पर स्थित होने के कारण इसे अर्धचंद्राकार नगर (cresent city) कहा जाता है। यह नगर सबसे निचले मैदान में बसा हुआ है। इसकी सर्वाधिक ऊँचाई समुद्रतल स १० -१५ तक है। नगर के बहुत से भीतरी भाग तो मेक्सिको की खाड़ी की औसत सतह से भी नीचे हैं।

यहाँ लगभग साल भर वर्षा होती है। औसत वार्षिक वर्षा ५६.७७ है। जाड़े की ऋतु सुहावनी रहती है। तथा हल्की ठंढक पड़ती है। ताप हिमविंदु तक नहीं पहुँच पाता। अक्टूबर से मार्च तक का औसत ताप १६ सें. है। ग्रीष्म ऋतु में गर्मी भी अधिक नहीं पड़ती। गर्मी का औसत ताप २५ सें. है। न्यूऑर्लिएंस वायु, जल, रेल एवं सड़कमार्गों का प्रसिद्ध केंद्र है। यह आंतरिक जलमार्गों का भी केंद्र है। यहाँ पर संसार के लगभग ८० जलमार्ग मिलते हैं। इस बंदरगाह पर २० मील तक विकसित समुद्री सुविधाएँ हैं।

यह एक प्रमुख औद्योगिक नगर है। सर्वप्रथम यहाँ नौका एवं जलयान-निर्माण-उद्योग का विकास हुआ। यहाँ चीनी बनाने, तेल साफ करने, वस्त्र बुनने, सिगरेट और सिगार बनाने, उर्वरक बनाने, साज-सज्जा-निर्माण एवं औद्योगिक एलकोहल के कारखाने हैं। इनके अतिरिक्त चावल साफ करने, पालिश (रंगाई) करने का काम, कहवा, शर्बत एवं शीरा उद्योग व्यापक रूप से होता है। खनिज तेल, नमक, गंधक, प्राकृतिक गैस, चूना, पत्थर, धान, मक्का, कपास, लकड़ी आदि वस्तुओं की अधिकता के कारण यह यथार्थत: संयुक्त राज्य अमरीका का बहुत बड़ा भंडार है। कपास, बिनौला के तेल तथा चावल के लिए तो यह संपूर्ण संयुक्त राज्य, अमरीका में सबसे बड़ी मंडी है। इस नगर के समीप में ही पश्चिमी गोलार्ध का सबसे बड़ा समूर (फर) उत्पादक क्षेत्र है। यहाँ शेल नामक मछलियाँ भी खूब पकड़ी जाती हैं।

न्यूऑर्लिएंज़ महत्वपूर्णं शिक्षाकेंद्र है। यहाँ चार विश्वविद्यालय हैं जिनमें से एक केवल महिलाओं के लिए है तथा दो नीग्रो लोगों के लिए हैं। यहाँ चिकित्साविज्ञान महाविद्यालय तथा अन्य सैकड़ों विद्यालय और बहुत से चिकित्सालय हैं। इस नगर में ९० पार्क तथा जनसाधारण के क्रीड़ास्थल हैं। यहाँ चिड़ियाघर भी है। यहाँ ६०० से अधिक गिरजाघर हैं, मेटायरी सेमेटरी कब्रिस्तान (Metairee Cemetary) संसार के सुंदर कब्रिस्तानों में से है। इस नगर के प्रमुख ग्रंथालयों में लगभग पाँच लाख पुस्तकें हैं। सबसे बड़ा ग्रंथालय पब्लिक लायब्रेरी है। यहाँ संग्रहालय और मेमोरियल हाल में ऐतिहासिक सामग्री सुरक्षित है। इसका क्षेत्रफल ३६३.५ वर्ग मील है तथा यहाँ की जनसंख्या ६,२७,५२५ (१९६०) थी।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)