नोवास्कोशिया (Novascotia) स्थिति : ४५ १० उ. अ. तथा ६३ प. दे.। यह कैनाडा का समुद्रतटवर्ती प्रांत है जिसके पूर्व, दक्षिण तथा पश्चिम में ऐटलैटिक महासागर, दक्षिण-पश्चिम में फंडी की खाड़ी और उत्तर में सेंट लारेंस की खाड़ी तथा नॉर्थबरलैंड जलविभाजक हैं। इसका कुल क्षेत्रफल २१,०६८ वर्ग मील है जिसमें से ३२५ वर्ग मील में जलाशय है। यह ३७६ मील लंबा तथा ५० से १०० मील तक चौड़ा है। इसके उत्तर में कैप ब्रिटेन द्वीप है।

भूरचना के विचार से इसको दो प्राकृतिक विभाग हैं : १. तटीय निम्न प्रदेश, और (२) ऐपालैचिएन उच्च प्रदेश। तटीय निम्न प्रदेश में ऐटलैंटिक तट के निकट सबसे निचले भाग हैं और ऐपालैचिएन उच्च प्रदेश में सर्वोच्च ऊँचाई इनकानिश पर्वत में १,७४७ है। यह मुख्य भूभाग से पश्चिम की ओर केवल एक पतली पट्टी द्वारा जुड़ा है।

नोवास्कोशिया की तटरेखा लगभग १,००० मील लंबी तथा असंख्य खाड़ियों के कारण बहुत ही अधिक कटी फटी है। यहाँ की नदियाँ पतली एवं छोटी हैं। मर्सी, लाहेब और सेंट मेरीज मुख्य नदियाँ हैं। यहाँ छोटी बड़ी कुल लगभग ४०० झीलें हैं। जिनमें रोसिगनल (Rossignol) सबसे बड़ी है। इसका क्षेत्रफल १०० वर्ग मील है।

यहाँ जनवरी तथा जुलाई का औसत ताप क्रमश: ३ सें. और २२ सें. रहता है। वर्षा हिम रूप में ४५ होती है लेकिन ५० से लेकर कहीं कहीं ७२ तक हिमवर्षा भी हो जाती है।

यहाँ का लगभग भाग जंगल से ढका है। लकड़ी काटना और लकड़ी का काम करना इस क्षेत्र के लोगों का मुख्य व्यवसाय है। तटीय भागों में मछली पकड़ना, उन्हें सुखाना तथा डिब्बों में बंद करके बाहर भेजना लोगों का पेशा है। सालमन, सोर्डफिश, टुना हेरिंग, काड, लाबस्टर, हैडलॉक और मैकोन मुख्य मछलियाँ हैं जिन्हें ट्रालर और ट्रेगर द्वारा पकड़ा जाता है। मैदानी भागों में कृषि की जाती है जिसमें मुख्यत: गेहूँ जौ, जई, राई, आलू तथा फल उत्पन्न होते हैं। फलों में सेब महत्वपूर्ण है। ऐनेपोलिश घाटी यहाँ का सबसे उपजाऊ भाग है। समुद्रतट पर हालैंड की भाँति बाँध (Dybes) बनाकर भूमि को सुखाया जा रहा है। यहाँ दुग्ध व्यवसाय भी उन्नति पर है।

कोयला यहाँ का महत्वपूर्ण खनिज पदार्थ है, जो इस प्रांत के उत्तरी भाग में तथा ब्रिटेन द्वीप में पाया जाता है। सोना नमक, जस्ता, चूनापत्थर, बेराइट, जिप्सम और सिलिका भी उल्लेखनीय खनिज हैं। बाँध बनाकर जलविद्युत् प्राप्त की जाती है। यहाँ लौह इस्पात, जलयान, रसायनक, विद्युद्यंत्र, रेल तथा पटरी पर चलनेवाली का निर्माण होता है। तेल साफ करने के कारखाने भी हैं। कालीन तथा मिट्टी के बरतन कुटीर उद्योग के रूप में बनाए जाते हैं। यह सड़क, रेल, जलमार्ग तथा वायुमार्गों से सभी आंतरिक एवं बाह्य भागों से जुड़ा हुआ है। हैलिफैक्स, सिडनी, यारमथ तथा ग्रीनउड वायुमार्ग के केंद्र हैं।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)

इस प्रांत में ६,९४,७१७ (१९५६) व्यक्ति निवास करते थे जिनमें ५४% गाँवों में और ४६% नगरों में रहते थे। अधिकांश लोग अंग्रेज, स्काच अथवा फ्रांसीसी हैं। जनसंख्या का घनत्व ३३० व्यक्ति प्रति वर्ग मील है। यहाँ के मुख्य नगरों में हैलिफैक्स, सिडनी आदि हैं।