नैन्सी (Nancy) स्थिति : ४८रू ४२फ़ उ.अ. तथा ६रू १२फ़ पू.दे.। उत्तर-पूर्वी फ्रांस का यह एक नगर है, जो भूतपूर्व लॉरेन प्रांत की राजधानी रह चुका है। इस समय यह मर्तएटमोज़ेल (Meurthe-et Moselle) विभाग की राजधानी है। पैरिस के पूर्व में २१९ मील की दूरी पर स्ट्रैसवर्ग जानेवाले रेलमार्ग पर तथा मर्त नदी और मोज़ेल के संगम से ६ मील ऊपर मार्न-राइन नहर पर स्थित है। वास्तविक युद्धक्षेत्र से बाहर रहने पर भी जर्मनी के वायुयानों ने इस नगर पर बम वर्षा की थी, लेकिन बहुत अधिक क्षति नहीं हुई थी।
यहाँ राजकीय प्रासाद, धर्माध्यक्ष का प्रासाद, मूर्तिकला, चित्रकला एवं पुरातत्व का संग्रहालय तथा नगरभवन दर्शनीय हैं। यहाँ पादरी एवं प्रिफेक्ट का निवासस्थान, अपील कोर्ट का न्यायालय, बीसवीं सेना दल का मुख्यालय (Head office), व्यापार न्यायाधिकरण के कार्यालय है। यह नगर शैक्षणिक केंद्र भी है। यहाँ के विश्वविद्यालय में कानून, औषध विज्ञान और कला फैकल्टियाँ (Faculties) हैं तथा फार्मेसी का एक उच्चतर विद्यालय भी है। इसके अतिरिक्त यहाँ वनविज्ञान का राष्ट्रीय संस्थान भी है।
यहाँ के उद्योग धंधों में मुद्रण, शराब, सूती और ऊनी धागों की कताई तथा बुनाई उद्योग, तंबाकू, जूता, टोप, मिट्टी के बरतन तथा कसीदाकारी उद्योग, मशीनरी, मोटरकार एवं उनके पुर्जे, इंजीनियरिंग के सामान, कृषियंत्र और लोहे की वस्तुएँ बनाने के उद्योग मुख्य हैं। नगर की जनसंख्या १,३३,५३२ (१९६२) थी।
(राजेंद्रप्रसाद सिंह)