नेकर, जाक (१७३२-१८०४) फ्रांसीसी राजनीतिज्ञ; सोलहवें लुई के समय वित्तमंत्री था। नेकर ने क्रांति के पूर्व फ्रांस की अस्तव्यस्त अर्थंव्यवस्था के सुधारने का उल्लेखनीय प्रयत्न किया था। जेनेवा में उत्पन्न हुआ। बैंक में नौकरी से जीवन आरंभ किया। आर्थिक मामलों में नेकर की ऐसी प्रखर बुद्धि और गहरी रुचि थी कि शीघ्र ही वह धनवान् हो गया, साथ ही इस क्षेत्र में प्रसिद्धि भी कमा ली। १७७७ में सम्राट लुई ने उसे फ्रांस का वित्त महा-निदेशक नियुक्त किया। उस समय राजकोष की स्थिति अत्यंत दयनीय थी, किंतु नेकर ने करों का प्रस्ताव न लाकर अपने व्यक्तिगत प्रभाव से धनिकों को आकर्षित करके राजकोष भर दिया। १७७८ में इंग्लैंड और अमरीका के बीच युद्ध में फ्रांस ने अमरीका का साथ दिय। युद्ध के लिए धन की आवश्यकता पड़ने पर नेकर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए सुझाव दिया कि दरबारियों के अपव्यय पर नियंत्रण करके विपुल धनराशि बचायी जा सकती है। उसने एक वक्तव्य प्रसारित किया, जिसमें राजकोष के व्यय का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत था। फल यह हुआ कि नेकर दरबारियों का कोपभाजन बना, और १७८१ में सम्राट ने उसे सेवामुक्त कर दिया। १७८८ में नेकर ने फिर वित्त महानिदेशक का पद सँभाला, और धनिकों ने राज्य को ऋण देना स्वीकार कर लिया। किंतु स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि नेकर के वश की नहीं रह गयी। सम्राट् ने उसे पुन: पदमुक्त कर दिया। नेकर तब तक बहुत लोकप्रिय हो चुका था, उसके निष्कासन से जनता में रोष और उत्तेजना की लहर फैल गयी। उनके अनियंत्रित समूह ने १४ जुलाई, १७८९ को बैस्टील पर धावा बोल दिया; और फ्रांस में क्रांति की मशाल जल उठी।

नेकर को शासन में फिर जल्दी जल्दी बुलाया गया, किंतु ज्वालामुखी के विस्फोट की तरह स्थिति भयंकर हो चुकी थी। सितंबर १७९० में उसने सेवा से त्यागपत्र दे दिया, और स्विटज़रलैंड चला गया।(चारुचंद्र त्रिपाठी)