नूह बाइबिल में नूह विषयक अनेक परंपरागत वृत्तांत मिलते हैं। उनमें से ऐतिहासिक तथ्य निकालना दुष्कर है।

प्राचीनतम ('जे' नामक) परंपरा के अनुसार सेम, जाफेत और हैम के पिता नूह ने सर्वप्रथम अंगूर की खेती की थी। उस परंपरा के अनुसार वह भौतिक सभ्यता के संस्थापक काइन के वंशज हैं।

एक अन्य ('पी' नामक) परंपरा के अनुसार सेम-हैम-जाफेत का पिता नूह आदम के पुत्र सेथ के नेक वंशजों में से एक शांत स्वभाव सत्पुरुष हैं। इसी परंपरा के अनुसार प्रलय (डिल्यूज) की कथा में नूह का चित्रण किया गया है (दे. प्रलय)। उस कथा में नूह का जो चरित्र मिलता है वह मेसोपोटामिया के गिलगमेश नामक महाकाव्य (दे. गिलगमेश) के नायक उत्नापिश्तिम से बहुत कुछ मिलता जुलता है। नूह की तरह उतनापिश्तिम को भी ईश्वर की ओर से प्रलय की पूर्व सूचना मिलती है, वह एक महान् पोत बनाकर जीवजंतुओं के जीवन की सुरक्षा का प्रबंध करता है, पक्षियों को पृथ्वी पर भेज देता है और अंत में बलि चढ़ता है कितु मेसोपोटामिया के महाकाव्य में जो स्थूल बहुदेवतावाद और नितांत तुच्छ बातों का विस्तार मिलता है, उससे स्पष्ट है कि बाइबिल की प्रलय विषयक कथा का प्रेरणा स्रोत होने का दावा नहीं कर सकता।

सं.ग्रं. - एनसाइक्लोपीडिक डिक्शनरी आव दि बाइबिल, न्यूयार्क; एं. हाइदेल : दि बार्बीलोनियन जेनसिस, शिकागो, १९५१।(आस्कर वैरेक्रसे)