नीलगाय (Nilgai, BlueBull) खुरीयप्राणिगण (order ungulata) के बोविडी कुल (Bovidae) का प्रसिद्ध जीव है, जो गाय से अधिक हिरनों का निकट संबंधी है। इसका असली नाम रोझ है। इसके नाम में गाय जुड़ जाने से अधिकांश हिंदू इसे नहीं मारते।

नीलगाय केवल भारत में ही पाई जाती है और हिरनों में सबसे बड़ी और ऊँची होती है। यह बंगाल और असम को छोड़कर करीब

करीब सब प्रदेशों में पाई जाती है। इसका शिकार कम होने के कारण यह बहुत ढीठ हो गई है। इसके छोटे छोटे गिरोह खुले मैदानों में घूम घूमकर फसलों का नुकसान करते रहते हैं। नीलगाय (Boselaphus tragocamelus) लगभग ७ फुट लंबा और ५ फुट ऊँचा स्तनपोषी शाकाहारी जीव है, जिसका ऊपरी हिस्सा भूरा और नीचे का सफेद रहता है। इसकी पिछली टाँगें अगली टांगों से कुछ छोटी होती हैं। इससे इसका सामने का भाग कुछ उठा सा रहता है। नर के ८-९ इंच लंबे छोटे छोटे सींग होते हैं, किंतु मादाएँ बिना सींग की होती हैं। नर पुराने हो जाने पर निलछौंह या काले हो जाते हैं। इस जीव का मुख्य भोजन घास पात है।

नीलगाय का अंग्रेजी में ब्लू बुल (Blue Bull) कहा जाता है। यह अफ्रीका के कुडू (Kudu) और ईलैंड (Eland) नामक हिरनों की श्रेणी का जीव है। इसका मांस कड़ा और सूखा होता है। इसकी मादाएँ आठ नौ महीने पर एक या दो बच्चे जनती हैं।(सुरोसिंह, कुंवर)