नारायनगंज (Narain Ganj) १. उपखंड, स्थिति : 23° 34¢ से 24° 15¢ उ.अ. तथा 90° 27¢ से 90° 59¢ पू.दे.। पूर्वी पाकिस्तान के ढाका जनपद का एक प्रशासनिक उपखंड है, जो लगभग ६४१ वर्ग मील में फैला हुआ है। भौगोलिक परिस्थितियों की अनुकूलता के कारण जनसंख्या का घनत्व लगभग १,५०० व्यक्ति प्रति वर्ग मील है।
२. नगर, 23° 37¢ उ.अ. और 0° 30¢ पू.दे. यह उपर्युक्त उपखंड का प्रमुख केंद्र एवं प्रशासनिक नगर है। यह नगर मेघना नदी की सहायक लख्या नदी पर ढाका नगर से नौ मील दक्षिण स्थित है। जलमार्ग द्वारा यह दूरी २० मील है। नदी के दूसरे तट पर मदनगंज नामक इसका उपनगर है। यह उन्नतिशील औद्योगिक एवं व्यापारिक नगर है। ढाका नगर का यह व्यापारिक द्वार है और समीपवर्ती क्षेत्रों से प्राप्त जूट यहाँ से बाहर भेजा जाता है। यह नदीपत्तन का कार्य करता है। निकटवर्ती क्षेत्रों में मीर जुमला द्वारा अराकानियों के आक्रमण से बचने के लिए बनवाए गए अनेक छोटे छोटे किले स्थिति हैं। निकट ही कदम रसूल मसजिद है, जो धार्मिक स्थान के रूप में प्रसिद्ध है। इसकी बढ़ती हुई जनसंख्या प्रगति की सूचक है। यहाँ नगरपालिका की स्थापना १८७६ ई. में हुई थी।
(कैलाशनाथ सिंह)