नामदेव वे महाराष्ट्र के प्रसिद्ध संत हो गए हैं। इनके समय में नाथ और महानुभाव पंथों का महाराष्ट्र में प्रचार था। नाथ पंथ 'अलख निरंजन' की योगपरक साधना का समर्थक तथा बाह्याडंबरों का विरोधी था और महानुभाव पंथ वैदिक कर्मकांड तथा बहुदेवोपासना का विरोधी होते हुए भी मूर्तिपूजा को सर्वथा निषिद्ध नहीं मानता था। इनके अतिरिक्त महाराष्ट्र में पंढरपुर के 'विठोबा' की उपासना भी प्रचलित थी। सामान्य जनता प्रति वर्ष आषाढ़ी और कार्तिकी एकादशी को उनके दर्शनों के लिए पंढरपुर की 'वारी' (यात्रा) किया करती थी (यह प्रथा आज भी प्रचलित है) इस प्रकार की वारी (यात्रा) करनेवाले 'वारकरी' कहलाते हैं। विट्ठलोपासना का यह 'पंथ' 'वारकरी' संप्रदाय कहलाता है। नामदेव इसी संप्रदाय के प्रमुख संत माने जाते हैं।
नामदेव का कालनिर्णय - वारकरी संत नामदेव के समय के संबंध में विद्वानों में मतभेद है। मतभेद का कारण यह है कि महाराष्ट्र में नामदेव नामक पाँच संत हो गए हैं और उन सबने थोड़ी बहुत 'अभंग' और पदरचना की है। आवटे की 'सकल संतगाथा' में नामदेव के नाम पर २५०० अभंग मिलते हैं। लगभग ६०० अभंगों में केवल नामदेव या 'नामा' की छाप है और शेष में 'विष्णुदासनामा' की।
कुछ विद्वानों के मत से दोनों 'नामा' एक ही हैं। विष्णु (विठोबा) के दास होने से नामदेव ने ही संभवत: अपने को विष्णुदास 'नामा' कहना प्रारंभ कर दिया हो। इस संबध में महाराष्ट्र के प्रसिद्ध इतिहासकार वि.का. राजवाड़े का कथन है कि 'नाभा' शिंपी (दर्जी) का काल शके ११९२ से १२७२ तक है। विष्णुदासनामा का समय शके १५१७ है। यह एकनाथ के समकालीन थे। प्रो. रानडे ने भी राजवाड़े के मत का समर्थन किया है। श्री राजवाड़े ने विष्णुदास नामा की 'बावन अक्षरी' प्रकाशित की है जिसमें 'नामदेवराय' की वंदना की गई है। इससे भी सिद्ध होता है कि ये दोनों व्यक्ति भिन्न हैं और भिन्न भिन्न समय में हुए हैं। चांदोरकर ने महानुभावी 'नेमदेव' को भी वारकरी नामदेव के साथ जोड़ दिया है। परंतु डॉ. तुलपुले का कथन है कि यह भिन्न व्यक्ति है और कोली जाति का है। इसका वारकरी नामदेव से कोई संबंध नहीं है। नामदेव के समसामयिक एक विष्णुदास नामा कवि का और पता चला है पर यह महानुभाव संप्रदाय का है। इसने महाभारत पर ओवीबद्ध ग्रंथ लिखा है। इसका वारकरी नामदेव से कोई संबध नहीं है।
नामदेव विषयक एक और विवाद है। 'गुरुग्रंथ साहब' में नामदेव के ६१ पद संगृहीत हैं। महाराष्ट्र के कुछ विवेचकों की धारणा है कि गुरुग्रंथ साहब का नामदेव पंजाबी है, महाराष्ट्रीय नहीं। यह हो सकता है, वह महाराष्ट्रीय वारकरी नामदेव का कोई शिष्य रहा हो और उसने अपने गुरु के नाम पर हिंदी में पद रचना की हो। परंतु महाराष्ट्रीय वारकरी नामदेव ही के हिंदी पद गुरुग्रंथसाहब में संकलित हैं। क्योंकि नामदेव के मराठी अभंगों और गुरुग्रंथसाहब के पदों में जीवन घटनाओं तथा भावों, यहाँ तक की रूपक और उपमाओं की समानता है। अत: मराठी अभंगकार नामदेव और हिंदी पदकार नामदेव एक ही सिद्ध होते हैं।
महाराष्ट्रीय विद्वान् वारकरी नामदेव को ज्ञानेश्वर का समसामयिक मानते हैं और ज्ञानेश्वर का समय उनके ग्रंथ 'ज्ञानेश्वरी' से प्रमाणित हो जाता है। ज्ञानेश्वरी में उसका रचनाकाल '१२१२ शके' दिया हुआ है। डॉ. मोहनसिंह दीवाना नामदेव के काल को खींचकर १४वीं और १५वीं शताब्दी तक ले जाते हैं। परंतु उन्होंने अपने मृतसमर्थन का कोई अकाट्य प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। नामदेव की एक प्रसिद्ध रचना 'तीर्थावली' है जिसकी प्रामाणिकता निर्विवाद है। उसमें ज्ञानदेव और नामदेव की सहयात्राओं का वर्णन है। अत: ज्ञानदेव और नामदेव का समकालीन होना अंत:साक्ष्य से भी सिद्ध है। नामदेव ज्ञानेश्वर की समाधि के लगभग ५५ वर्ष बाद तक और जीवित रहे। इस प्रकार नामदेव का काल शके ११९२ से शके १२७२ तक माना जाता है।
जीवनचरित्र - नामदेव का जन्म शके ११९२ में प्रथम संवत्सर कार्तिक शुक्ल एकादशी को नरसी ब्राह्मणी नामक ग्राम में दामा शेट शिंपी (दर्जी) के यहाँ हुआ था। इनका मन पैतृक व्यवसाय में कभी नहीं लगा। ये प्रारंभ में लूट मार, हत्या आदि समाजविरोधी कार्य किया करते थे। एक दिन जब ये अपने उपास्य आवढ्या के नागनाथ के दर्शन के लिए गए, इन्होंने मंदिर के पास एक स्त्री का अपने रोते हुए बच्चे को बुरी तरह से मारते हुए देखा। इन्होंने जब उससे उसका कारण पूछा, उसने बड़ी वेदना के साथ कहा, 'इसके बाप को तो डाकू नामदेव ने मार डाला अब मैं कहाँ से इसके पेट में अन्न डालूँ'। नामदेव के मन पर इस घटना का गहरा प्रभाव पड़ा। ये विरक्त हो पंढरपुर में जाकर 'विठोबा' के भक्त हा गए। वहीं इनकी ज्ञानेश्वर परिवार से भेंट हुई और उसी की प्रेरणा से इन्होंने नाथपंथी विसोबा खेचर से दीक्षा ली। जो नामदेव पंढरपुर के 'विट्ठल' की प्रतिमा में ही भगवान् को देखते थे, वे खेचर के संपर्क में आने के बाद उसे सर्वत्र अनुभव करने लगे। उसकी प्रेमभक्ति में ज्ञान का समावेश हा गया। डॉ. मोहनसिंह नामदेव को रामानंद का शिष्य बतलाते हैं। परंतु महाराष्ट्र में इनकी बहुमान्य गुरु परंपरा इस प्रकार है -
ज्ञानेश्वर और नामदेव उत्तर भारत की साथ साथ यात्रा की थी। ज्ञानेश्वर मारवाड़ में कोलदर्जी नामक स्थान तक ही नामदेव के साथ गए। वहाँ से लौटकर उन्होंने आलंदी में शके १२१८ में समाधि ले ली। ज्ञानेश्वर के वियोग से नामदेव का मन महाराष्ट्र से उचट गया और ये पंजाब की ओर चले गए। गुरुदासपुर जिले के घोभान नामक स्थान पर आज भी नामदेव जी का मंदिर विद्यमान है। वहाँ सीमित क्षेत्र में इनका 'पंथ' भी चल रहा है। संतों के जीवन के साथ कतिपय चमत्कारी घटनाएँ जुड़ी रहती है। नामदेव के चरित्र में भी सुल्तान की आज्ञा से इनका मृत गाय को जिलाना, पूर्वाभिमुख आवढ्या नागनाथ मंदिर के सामने कीर्तन करने पर पुजारी के आपत्ति उठाने के उपरांत इनके पश्चिम की ओर जाते ही उसके द्वार का पश्चिमाभिमुख हो जाना, विट्ठल की मूर्ति का इनके हाथ दुग्धपान करना, आदि घटनाएँ समाविष्ट हैं। महाराष्ट्र से लेकर पंजाब तक विट्ठल मंदिर के महाद्वार पर शके १२७२ में समाधि ले ली। कुछ विद्वान् इनका समाधिस्थान घोमान मानते हैं, परंतु बहुमत पंढरपुर के ही पक्ष में हैं।
नामदेव के मत - बिसोवा खेचर से दीक्षा लेने के पूर्व तक ये सगुणोपासक थे। पंढरपुर के विट्ठल (विठोबा) की उपासना किया करते थे। दीक्षा के उपरांत इनकी विट्ठलभक्ति सर्वव्यापक हो गई। महाराष्ट्रीय संत परंपरा के अनुसार इनकी निर्गुण भक्ति थी, जिसमें सगुण निर्गुण का काई भेदभाव नहीं था। उन्होंने मराठी में कई सौ अभंग और हिंदी में सौ के लगभग पद रचे हैं। इनके पदों में हठयोग की कुंडलिनी-योग-साधना और प्रेमाभक्ति की (अपने 'राम' से मिलने की) 'तालाबेली' (विह्वलभावना) दोनों हैं। निर्गुणी कबीर के समान नामदेव में भी व्रत, तीर्थ आदि बाह्याडंबर के प्रति उपेक्षा तथा भगवन्नाम एवं सतगुरु के प्रति आदर भाव विद्यमान है। कबीर के पदों में यततत्र नामदेव की भावछाया दृष्टिगोचर होती है। कबीर के पूर्व नामदेव ने उत्तर भारत में निर्गुण भक्ति का प्रचार किया, जो निर्विवाद है।
सं.ग्रं.- आर. डी. रानडे: मिस्टिसिज्म इन महाराष्ट्र, वि. ल. भावे तथा शं गो. तुलयुले : महाराष्ट्र सारस्वत; शं. पु. जोशी पंजाबातील नामदेव; तुलपुले : पाँच संत कवि; पांगारकर : मराठी वाङ्मयाचा इतिहास; मा. अ. मुले : श्री नामदेवचरित्र; मोहनसिंह भक्तशिरोमणि नामदेव की नई जीवनी; विनयमोहन शर्मा : हिंदी को मराठी संतों की देन, भारत इतिहास संशोधन मंडल, पुर्णे, शके १२३३ या अहवाल; आवटे सकल संत गाथा।
(विनयमोहन र्श्मा)