नानूदेड़ १. जिला, स्थिति : 18° 28¢ और 19° 31¢ उ.अ. तथा 77° 4¢ और 78° 6¢ पू.दे.। यह भारत के महाराष्ट्र राज्य में दक्षिण के पठार पर स्थित जिला है। इसका क्षेत्रफल ४,८०० वर्ग मील तथा जनसंख्या १०,७९,६४७ (१९६१) थी। इसके उत्तर में पेनगंगा नदी एवं दक्षिण पूर्व में मानजरा नदी है। इसकी भूमि प्राय: नीची है, किंतु अजंता पहाड़ियाँ कुछ ऊँची हैं। गोदावरी नदी से इस क्षेत्र का जलनिकास होता है। यह काली मिट्टी का क्षेत्र है, जिसमें कपास, बाजरा, ज्वार, गेहूँ, मूँगफली, तिलहन तथा धान पैदा होते हैं।

२. नगर, स्थिति : 19° 9¢ उ.अ. तथा 77° 20¢ पू.दे.। यह नांदेड़ जिले का सूती वस्त्रों के निर्माण का केंद्र तथा नगर है। यहाँ गुरु गोविंदसिंह की समाधि है जिसके कारण यह सिक्खों का प्रसिद्ध तीर्थस्थान है। यह हैदराबाद से १४० मील उत्तर पश्चिम गोदावरी नदी के किनारे स्थित है। यहाँ की जनसंख्या ८१,०८७ (१९६१) थी। समीपवर्ती क्षेत्रों के कृषि उत्पादों की यहाँ मंडी है। यहाँ पर औद्योगिक स्कूल तथा प्रयोगार्थ फार्म भी हैं।

(कृष्णमोहन गुप्त)