नॉखिचेवॉन (Nakhichevan) १. स्थिति : 39° 14¢ उ.अ. तथा 45° 24¢ पू.दे.। यह रूसी ट्रैंसकॉकेशा का गणतंत्र है, जो प्रशासन के लिए आजरबाइजान गणतंत्र से संबद्ध है। इनके दक्षिण तथा दक्षिण-पश्चिम में ईरान और उत्तर तथा पूर्व की और आरमीनिया गणतंत्र है। यह आजरबाइजान से आरमीनिया की एक पतली पट्टी द्वारा अलग है।
यहाँ निचले भागों में सिंचाई द्वारा कपास, तंबाकू, धान तथा गेहूँ का उत्पादन होता है, पर्वतीय ढालों पर अंगूर की खेती और रेशम के कीड़े पालने का व्यवसाय मुख्यतया प्रचलित है।
इस प्रदेश के खनिजों में नमक, गंधक, ताँबा, आर्सेनिक, सीसा तथा कोयला मुख्य हैं, लेकिन केवल नमक ही निकाला जाता है। यहाँ कपास साफ करने, शराब बनाने तथा रेश्मी वस्त्र बुनने के उद्योग प्रधान रूप से हैं।
नॉखिचेवान गणतंत्र में आरमीनियाई, रूसी तथा आज़रबाइजान के निवासी मुख्यरूप से निवास करते हैं। नॉखिचेवॉन तथा ओर्दुबाद (Ordubad) प्रसिद्ध नगर हैं। इसका क्षेत्रफल २,०८५ वर्ग मील है।
२. नगर, स्थिति : 39° 14¢ उ.अ. तथा 45° 24¢ पू.द्र.। नॉखिचेवॉन गणतंत्र का प्रशासनिक केंद्र किशचाई (Kishchai) नदी के किनारे, बाकू से आनेवाले रेलमार्ग पर स्थित है। यह नगर काराबाग पर्व के स्पर (spur) पर २९४०फ़ की ऊँचाई पर बसा हुआ है। जनसंख्या में मुख्यत: तातार तथा अरमीनियाई लोग हैं।
तेहरान तथा तैब्रीज (Tabriz) से काँकेशिया आनेवाली सड़क पर स्थित होने के कारण यह प्राचीन काल से ही व्यापार के लिए प्रसिद्ध था, लेकिन ईरानियों (Persians), तुर्कों तथा मंगोलों ने इसे क्रमश: चौथी, ११वीं एवं १३वीं शताब्दी में तहस-नहस कर दिया। प्रसिद्ध भूगोलशास्त्री टॉलिमी (Ptolemy) ने इसे 'नैक्सुना' (Naxuna) नाम दिया है।
यहाँ बिजली एवं चमड़े का कारखाना तथा मोटरसंचालित आटा पीसने की मिलें हैं। इस नगर में साजसज्जा, भवननिर्माण और धातु-सामग्री-निर्माण उद्योग हैं। नाखसोल नामक स्थान पर नमक की खुदाई होती है।
यह बहुत ही प्राचीन नगर है, जो अपने खंडहरों के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ फारसी शिलालेख सहित एक द्वार तथा १२वीं शताब्दी के खाँ के महल का अवशेष अभी तक वर्तमान है। यहाँ एक विशाल मकबरा और विद्यालय तथा अध्यापकों के प्रशिक्षण के लिए एक महाविद्यालय भी है।(राजेंद्रप्रसाद सिंह)