नाइरोबी (Nairobi) नगर, स्थिति : 1° 17¢ द.अ. तथा 36° 48¢ पू.दे.। मोंबासा से करीब ३३० मील दूर समुद्रतल से ५,४५२ फुट की ऊँचाई पर स्थित यह नगर केनया की राजधानी है। आती (Athi) नदी के मैदान के भीतरी छोर पर यह ढालू धरातल पर बसा है। यहाँ से केनया तथा किलिमेंजारो पर्वतों का दृश्य दिखाई पड़ता है। यहाँ की जलवायु गरम तथा आनंददायक है। इसका विकास बड़ी तीव्र गति से हुआ है। इसकी स्थापना १८९९ ई. में हुई थी, जब समुद्रतट से यूगैंडा को मिलानेवाली रेलवे लाइन बनी, जिसका एक डिपो यहाँ खुला। १९०५ ई. में यहाँ सरकारी कार्यालय स्थापित हुए, सन् १९१९ में यहाँ नगरपालिका की व्यवस्था हुई तथा सन् १९५० में इसकी गणना नगरों में होने लगी। यहाँ विभिन्न जातियों के लोग रहते हैं तथा सभी लोगों को सामान्य नागरिक सुविधाएँ प्राप्त हैं। यहाँ अच्छे होटल, उद्यान तथा खेल के मैदान हैं। पार्लिमेंट भवन, चर्च, तथा रायल टेक्निकल कालेज ऑव ईस्ट अफ्रीका की इमारतें दर्शनीय हैं। यहाँ यूरोप तथा एशिया से आए लोगों के बच्चों के लिए भी शिक्षा का प्रबंध है। अफ्रीका निवासी नाइरोबी में पूरी तरह नहीं बसते। सामान्यत: वे यहाँ काम करते हैं तथा उनका परिवार केनया के दूसरे भागों में रहता है। नाइरोबी पूर्वी अफ्रीका का सबसे प्रसिद्ध शहर है, इसलिए यहाँ अन्य कई महत्वपूर्ण संस्थाओं के कार्यालय हैं। यहाँ यूरोपीय ढंग की बड़ी दूकानों के साथ-साथ भारतीय बाजारों की तरह छोटी-छोटी दूकानें भी मिलती हैं। पास में ही नगर के औद्योगिक क्षेत्र हैं, जहाँ भवन-निर्माण-सामग्री, खाद्य सामग्री, तंबाकू, रेल तथा लघु इंजीनियरिंग के सामान बनते हैं। यहाँ रेल तथा सड़क यातायात की सुविधा है। यहाँ एक अंतरराष्ट्रीय एवं एक स्थानीय हवाई अड्डा भी है।

(जगदीश सिंह)