नरेंद्रदेव, आचार्य (सन् १८९०-१९५६) आचार्य नरेंद्रदेव जी का जन्म संवत् १९४९ (सन् १८९० ई.) में कार्तिक शुक्ल अष्टमी को सीतापुर में हुआ था, देहांत मद्रास राज्य में एरोड में १९ फरवरी, १९५६ को। उनके पिता श्री बलदेवप्रसाद जी अपने समय के बड़े वकीलों में थे। वे धार्मिक वृत्ति के थे। कांग्रेस और सोशल कानफरेंस के कामों में भी थोड़ी बहुत दिलचस्पी लेते थे। इस नाते उपदेशक, संन्यासी और पंडित उनके घर आया करते थे। इस तरह बचपन में ही स्वामी रामतीर्थ, पंडित मदनमोहन मालवीय, पं. दीनदयालु शर्मा आदि के संपर्क में आने का मौका मिला। पिता जी के प्रभाव से आचार्य जी (तब अविनाशीलाल) के मन में भारतीय संस्कृति के प्रति अनुराग उपजा। इसी कारण आगे चलकर आपने एम.ए. में संस्कृत ली। इसके पूर्व इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बी.ए. किया। बी.ए. पास कर पुरातत्व पढ़ने काशी के क्वींस कालेज में आए। सन् १९१३ में एम.ए. पास किया। घरवालों ने वकालत पढ़ने का आग्रह किया। नरेंद्रदेव जी को यह पेशा पसंद नहीं था। किंतु वकालत करते हुए राजनीति में भाग ले सकने की दृष्टि से कानून पढ़ा। १९१५-२० तक पाँच वर्ष फैजाबाद में वकालत की। इसी बीच असहयोग आंदोलन प्रारंभ हुआ। असहयोग आंदोलन के शुरू होने के बाद श्री जवाहरलाल नेहरू की सूचना और अपने मित्र श्री शिवप्रसाद गुप्त के आमंत्रण पर नरेंद्रदेव जी विद्यापीठ आए।
इस संबंध में आचार्य नरेंद्रदेव जी ने 'मेरे संस्मरण' शीर्षक रेडियो वार्ता में कहा है : 'मेरे जीवन में सदा दो प्रवृत्तियाँ रही हैं - एक पढ़ने-लिखने की और, दूसरी राजनीति की और। इन दोनों में संघर्ष रहता है। यदि दोनों की सुविधा एक साथ मिल जाए तो मुझे बड़ा परितोष रहता है और यह सुविधा मुझे विद्यापीठ में मिली। इसी कारण वह मेरे जीवन का सबसे अच्छा हिस्सा है जो विद्यापीठ की सेवा में व्यतीत हुआ।'
विद्यापीठ में डाक्टर भगवानदास जी की अध्यक्षता में आचार्य जी ने काम शुरू किया। १९२६ में स्वयं अध्यक्ष हुए। दो वर्ष तक विद्यार्थियों के साथ ही नरेंद्रदेव जी और हम लोग रहते थे। एक कुटुंब सा था। साथ-साथ हम लोग राजनीतिक कार्य भी करते थे। विद्यापीठ के अध्यापकों और विद्यार्थियों से आपका बड़ा ही घनिष्ठ संबंध रहा है। श्री श्रीप्रकाश जी ने उन्हें आचार्य कहना शुरू किया और फिर तो वह उनके नाम का एक अंग बन गया। काशी विद्यापीठ के अध्यापकों और विद्यार्थियों ने आचार्य जी के नेतृत्व में देश के स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्र राष्ट्रीय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान किया। स्वतंत्रताप्राप्ति के बाद शासक और विरोधी दलों के योग्य नेता और कार्यकर्ता, विद्या और आचरणसंपन्न अध्यापक, प्रखर पत्रकार और रचनात्मक कार्यकर्ता भी विद्यापीठ से निकले।
प्रयाग में अध्ययन के संबंध में रहते हुए नरेंद्रदेव जी के विचार पुष्ट हुए। हिंदू बोर्डिग हाउस उन दिनों उग्र विचारों का केंद्र था। नरेंद्रदेव जी वहाँ गरम दल के विचारों के हो गए। १९०६ में आपने जो उग्र विचारधारा अपनाई तो फिर जीवन भर उसपर दृढ़ रहे। १९०५ में आप कांग्रेस के अधिवेशनों में गरम दल के होने के कारण जाना छोड़ दिया। सन् १९१६ में जब कांग्रेस में दोनों दलों में मेल हुआ तब फिर कांग्रेंस में आ गए। १९१६ से १९४८ तक आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य और जवाहरलाल की वर्किग कमेटी के सदस्य भी थे।
भग्न स्वास्थ्य के बावजूद आपने १९३० के नमक सत्याग्रह, १९३२ के आंदोलन तथा १९४१ के व्यक्तिगत सत्याग्रह आंदोलन में साहस के साथ भाग लिया और जेल की यातनाएँ सहीं। १९४२ में चार महीने तक गांधी जी ने अपने आश्रम में चिकित्सा के लिए रखा। अधिक अस्वस्थ होने पर गांधी जी ने अपना मौन तोड़ा। फिर, जब ८ अगस्त, '४२ को गांधी जी ने 'करो या मरो' प्रस्ताव रखा, बंबई में आचार्य जी कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यों के साथ गिरफ्तार हे गए। १९४२-४५ तक श्री जवाहरलाल नेहरू के साथ अहमदनगर के किले में बंद रहे।
वैसे, क्रांतिकारी दल के कभी सदस्य नहीं हुए, किंतु उनके कई नेताओं से आपका घनिष्ठ परिचय था। वे आपका विश्वास करते थे, समय-समय पर आपसे सहायता भी लेते थे और विदेशों से आनेवाला साहित्य ले जाते थे और अपने समाचार देते थे।
१९३४ में आपने श्री जयप्रकाश नारायण, डाक्टर राममनोहर लोहिया तथा अन्य सहयोगियों के साथ कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना की। १९३४ ई. में हुए प्रथम अधिवेशन के अध्यक्ष आचार्य जी ही थे। कांग्रेस से बाहर आने पर १९४८ में सोशलिस्ट पार्टी का जो सम्मेलन पटना में हुआ उसकी अध्यक्षता भी आचार्य जी ने ही की। समाजवादी आंदोलन में आचार्य नरेंद्रदेव का वही स्थान रहा है जो एक परिवार में पिता का होता है या व्यक्ति में आत्मा का होता है। आचार्य जी मार्क्सवादी समाजवादी थे, किंतु बराबर कहा करते थे कि इस युग की दो मुख्य प्रेरणाएँ राष्ट्रीयता और समाजवाद है और राष्ट्रीय परिस्थितियों और आकांक्षाओं की दृष्टि से ही समाजवाद का अर्थ करने पर जोर देते रहे। इस दृष्टि से आचार्य जी किसानों के सवाल पर विशेष जोर देते थे, और किसानों की भूमिका का विशेष मान करते थे, जब कि मार्क्सवादी परंपरा के अनुसार किसान की भूमिका प्रतिक्रियावादी ही हो सकती है। भारत में समाजवाद को राष्ट्रीयता और किसानों के सवाल से जोड़ना, आचार्य जी की भारतीय समाजवाद को एक स्थायी देन है।
राजनीति के अलावा, दूसरी प्रवृत्ति, उन्हीं के शब्दों में, 'लिखने पढ़ने की ओर' रही है। इस दिशा में आचार्य नरेंद्रदेव जी का योगदान अत्यंत महत्व का है। विद्यापीठ के द्वारा पिछले ४० वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा के क्षेत्र में जो महत्व का काम हुआ है, उसकी आज भी, जबकि राष्ट्रीय शिक्षाप्रणाली की खोज ही चल रही है, विशेष उपयोगिता है। काशी विद्यापीठ के अध्यापक, आचार्य और कुलपति की हैसियत से आपने अपनी विद्वत्ता, उदारता और चरित्र के द्वारा अध्यापन और प्रशासन का जो उच्च आदर्श् कायम किया है, वह अनुकरणीय है। अपने सहयोगी श्री संपूर्णानंद जी के आग्रह पर आचार्य जी ने संयुक्त प्रांत के फिर नाम बदल जाने पर, उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा समिति की अध्यक्षता की थी। इस समिति के जरिए कई एक महत्वपूर्ण सुझाव आपने दिए थे। इसके अलावा, संस्कृत वाङ्मय के अध्ययन और अनुसंधान को बढ़ाने पर आप बराबर जोर देते थे।
बौद्धदर्शन के अध्ययन में आचार्य जी की विशेष रुचि और गति रही है। आजीवन वे बौद्धदर्शन का अध्ययन करते रहे। अपने जीवन के अंतिम दिनों में 'बौद्ध-धर्म-दर्शन' उन्होंने पूरा किया। 'अभिधर्मकोश' भी प्रकाशित कराया था। 'अभिधम्मत्थसंहहो' का भी हिंदी अनुवाद किया था। प्राकृत तथा पालि व्याकरण हिंदी में तैयार किया था। किंतु वह मिल नहीं रहा है। संभव है, उनकी किताबों वगैरह के साथ कहीं मिले। बौद्ध दर्शन के पारिभाषिक शब्दों के कोश का निर्माणकार्य भी उन्होंने प्रांरभ किया था। पेरुंदुराई के विश्रामकाल में आपने ४०० शब्दों को व्याख्यात्मक कोश बनाया था, किंतु आकस्मिक निधन से यह काम पूरा न हो सका।
किंतु प्रकाशित रचनाओं से शायद अधिक बेजोड़ उनके भाषण रहे हैं। इस बात का कई बार विचार हुआ कि उनके भाषणों का संग्रह किया जाए, किंतु व्यवस्था न हो सकी, और इस तरह ज्ञान की एक अमूल्य निधि खो गई।
आचार्य नरेंद्रदेव जी ने 'विद्यापीठ' त्रैमासिक पत्रिका, 'समाज' त्रैमासिक, 'जनवाणी' मासिक, 'संघर्ष' और 'समाज' साप्ताहिक पत्रों का संपादन किया। इनमें जो लेख, टिप्पणियाँ वगैरह समय-समय पर प्रकाशित हुए हैं, उनके संग्रह हैं : राष्ट्रीयता और समाजवाद, समाजवाद : लक्ष्य तथा साधन, सोशलिस्ट पार्टी और मार्क्सवाद, भारत के राष्ट्रीय आंदोलन का इतिहास, युद्ध और भारत, किसानों का सवाल आदि।(बसंतसिंह )
�