नफताली कुलपति याकूब की संतान नफताली अपनी माता बिलहा (राकेल की दासी) का दूसरा पुत्र था। उसके चार पुत्र थे। उसके विषय में बाइबिल में बहुत कम सामग्री मिलती है। उसी से नफताली वंश का प्रवर्तन हुआ जो इसराएल के १२ वंशों में से एक है। यह वंश गलीलिया के समुद्र के पश्चिम में बस गया। ११वीं तथा १२वीं शताब्दी ई. पू. में उत्तर की ओर से जब देश पर कानानी जाति का आक्रमण हुआ तब उस वंश ने युद्ध में विशेष रूप से भाग लिया था। आठवीं शती ई. पू. के अंत में नफताली वंश के क्षेत्र में असीरियन जाति ने उपनिवेश बसाए थे। उस समय नबी यशायाह ने कहा था कि मसीह के दिनों में उस प्रवेश का उत्थान होगा। वास्तव में ईसा ने उस प्रदेश में उपदेश दिया है।

सं. ग्रं. - एनसाइक्लोपीडिक डिक्शनरी ऑव दि बाइबिल, हैरमैन, न्यूयार्क १९६३।(आस्कर वैरेक्रसे)