नदिया जिला, स्थिति : २२� ५३� से २४� ११� उ. अ. तथा 88� 9� से 89� 22� पू. दे.। यह भारत के पश्चिमी बंगाल राज्य में, गंगा के डेल्टा प्रदेश में स्थित जिला है। इसका क्षेत्रफल १,५१४ वर्ग मील है। इसके पूर्व में पूर्वी बंगाल (पूर्वी पाकिस्तान) और पश्चिम में भागीरथी नदी है। इस जिले का जल निकास जलांगी नदी द्वारा होता है। भूमि नदी की लाई हुई मिट्टी से बनी है, जिसमें बाँस, सुपारी के वृक्ष तथा मोरिंगा (moringa) वनस्पतियाँ उगती हैं। धान, पटसन, गन्ना, गेहूँ, तिलहन, तंबाकू, मिर्चा तथा हल्दी की खेती होती है। दलदली भूमि के कारण मलेरिया का प्रकोप रहता है। कृष्णनगर में खाँडसारी तथा चीनी बनाने के कारखानें हैं। इस जिले के शांतिपुर नगर में बनी गृह उद्योग की धोतियाँ और साड़ियाँ सारे भारत में प्रसिद्ध हैं। सन् १९४७ ई. के पूर्व जिले का क्षेत्रफल २,८७९ वर्ग मील था, किंतु शेष भाग पूर्वी पाकिस्तान में चले जाने से अब केवल १,५१४ वर्ग मील रह गया है।(कृष्णमोहन गुप्त)