नजीबाबाद नगर, स्थिति : २९� ३७� उ. अ. ७८� २१'पू. दे.। यह उत्तर प्रदेश राज्य में बिजनौर जिले का नगर एवं प्रमुख रेलवे जंकशन है। इसकी स्थापना नबाव नजीबुद्दौला ने मुगलकाल में की थी। सन् १७५५ में नजीबुद्दौला ने इसके एक मील पूर्व पत्थरगढ़ में एक किला बनवाया था जो अब खंडहर अवस्था में है। इसे नजफगढ़ भी कहते हैं। इसमें प्रयुक्त सामग्री पास ही स्थित मोरध्वज नामक प्राचीन किले से लाई गई थी। यहाँ का जलवायु स्वास्थ्यप्रद नहीं है, किंतु जल-निकास-प्रणाली उत्तम है। यहाँ पर मुबारक बुनियाद नामक इमारत है, जो १८वीं शती के अंत में बनाई गई थी, इसका उपयोग अब विश्रामगृह के रूप में होता है। पहाड़ी क्षेत्रों से व्यापार में इसका प्रमुख स्थान है। धातु के बरतन, कपड़े, कंबल, जूते आदि यहाँ बनते हैं, इसके अतिरिक्त नमक, शक्कर, अनाज तथा लकड़ी का व्यापार होता है। तोडेदार बंदूकें यहाँ बनती हैं।