नंगापर्वत शिखर, स्थिति : ३० २३ उ. अ. तथा ७९ ५८ पू. दे.। भारत में काश्मीर के उत्तर-पश्चिमी हिमालय में स्थित यह संसार का सातवाँ सब से ऊँचा शिखर (२६,६६० फुट) है। यह आस्तोर (Astor) से २७ मील पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। १८९५ ई. में प्रसिद्ध पर्वतारोही श्री ए. एफ. ममरी इस चोटी के अभियान में लुप्त हो गए थे। १९३२ ई. में जर्मन-अमरीकी पर्वतारोही दल ने इसपर विजय की चेष्टा की थी। इस दल के नेता श्री विल्ली मर्किल थे। १९३४ ई. में पुन: जर्मनी के पर्वतारोही दल ने प्रयास किया, किंतु इस बार नौ व्यक्तियों को प्राणत्याग करना पड़ा, जिसमें मर्किल भी थे। इस अभियान में केवल ८०० फुट ऊँचाई की चढ़ाई शेष रह गई थी। १९३७ ई. के अभियान में डाक्टर कार्ल वेन के नेतृत्व में १७ पर्वतारोहियों ने योग दिया, जिसमें १६ की मृत्यु हो गई। १९३८ ई. में पुन: जर्मन पर्वतारोही दल ने पाल बौअर के नेतृत्व में प्रयास किया, किंतु असफल रहे। जुलाई, १९५३ ई. में हरमैन बुहल के नेतृत्व में आस्ट्रियन पर्वतारोही दल ने इसपर विजय प्राप्त की।

काश्मीरी लोग इसे 'दायामिर' कहते हैं जिसका अर्थ 'नंगा या खुला' पर्वत है। आकाश स्वच्छ रहने पर यह पर्वत श्रीनगर की घाटी एवं कुछ अन्य स्थलों तथा मार्गों से दिखलाई पड़ता है।(कृष्णमोहन गुप्त)