थेलीज़ (Thales 640-546o पूo) ग्रीक गणितज्ञ, खगोल शास्त्री एवं दार्शनिक थे। इनकी गणना अपने समय के ग्रीस के सात बुद्धिमान मनुष्यों में की जाती थी। ये ऐक्ज़ाम्युस और क्लेओबुलीन के पुत्र और मिलेतुस के निवासी थे। इन्होंने किसी विशेष गुरु के पास विद्योपार्जन नहीं किया। कहा जाता है, इनको व्यापार के लिये मिस्त्र जाना पड़ता था। वहीं पर इन्होंने भौतिक विज्ञान एवं गणित का अध्ययन किया।

थेलीज़ को समस्त विश्व में ग्रीक ज्यामिति, खगोल-शास्त्र एवं दर्शनशास्त्र का जन्मदाता स्वीकार किया जाता है। २८ मई, ५८५ ईo पूo के सूर्यग्रहण की भविष्यवाणी करके ये अत्यंत विख्यात हो गए। गणित जगत् को इनकी सर्वोत्तम देन है अमूर्त (abstract) ज्यामिति का आष्विकार। इसका प्रयोग इन्होंने समुद्र में किसी विशेष स्थान से जहाज की दूरी नापने एवं पिरामिड की छाया से उसकी ऊँचाई नापने में किया।

संo ग्रंo -- जीo जेo आलमान : ग्रीक ज्यॉमेट्री फ्राम थेलीज टु यूक्लिड; हेर्माथेना, डब्लिन, १८७७। [o कुo]

नक्षत्रों के अध्ययन में रुचि -- पाश्र्चात्य संसार में कदाचित् थेलीज़ ने ही पहले पहल प्राकृतिक प्रेक्षणों को वैज्ञानिक क्रम से रखने और उनसे अनुप्रयोग योग्य सामान्य निष्कर्ष निकालने का प्रयास आरंभ किया। नक्षत्रों के अध्ययन में उनकी इतनी रुचि थी कि एक बार उन्हें देखते देखते वे कुँए में गिर गए थे। कहा गया है कि उन्हें सूर्य ग्रहण के वास्तविक कारण ज्ञात थे। उन्होंने लघु सप्तर्षि तारामंडल ज्ञात किया था और वर्षाऋतु में उदय होने वाले सितारे वृषभि का भी अध्ययन किया।

दार्शनिक विचार -- थेलीज़ कदाचित् पाश्र्चात्य संसार के प्रथम वैज्ञानिक ही नहीं, प्रथम दार्शनिक भी थे। सर्वप्रथम उन्हीं ने प्राकृतिक घटनाओं के पीछे नीहित तत्व के विषय में विचार प्रगट किए। उनका सिद्धांत था कि मूल आधार तत्व एक है, और वह जल है। सब पदार्थ उसी से निकले हैं। उनका विश्वास था कि पृथ्वी जल पर तैरती है और उसका जल पर हिलना डुलना ही भूचाल होता है। परंतु वे यह भी कहते थे कि प्रत्येक पदार्थ में देवताओं का निवास है। संभव है उनका अभिप्राय धर्म का नहीं, केवल हिला देने की शक्ति, जीवन अथवा आत्मा की सार्वभौमिकता का प्रतिपादन करना हो। क्योंकि उन्होंने प्रमाण यह उपस्थित किया कि चुंबक में लोहे को हिला देने की शक्ति है।

थेलीज़ व्यावहारिक बुद्धिमत्ता के लिये भी प्रसिद्ध थे। उन्होंने वैयक्तिक जीवन के विषय में ब्रह्मचर्य एवं असंतान का और राजनीति के क्षेत्र में संघवाद का प्रतिपादन किया। खेलों में तो उन्हें इतनी रुचि थी कि उनकी मृत्यु बुढ़ापे में एक व्यायाम प्रतियोगिता देखते हुए गरमी, प्यास और भीड़ के धक्के से हुई।

संo ग्रंo -- कैथलीन फ्रीमैन : दि प्रीसौक्रेटिक फिलौसोफ़र्स; रोंसिला टु दि प्री सौक्रेटिक फिलौसोफ़र्स

[राममूर्ति लूंबा ]