त्रिवांकुर -- दक्षिण भारत का पूर्वकालिक देशी राज्य जो अब नवीन केरल राज्य मे संयुक्त कर दिया गया है। इसका क्षेत्रफल ७६६२ वर्ग मील तथा आबादी १९४१ में ६१ लाख थी। चौथी या आठवीं शती के लगभग यहाँ पेरुमल नरेशों का शासन था। १६८० में त्रिवांकुर पर मुसलमानों ने आक्रमण किया, किंतु वे अधिक काल तक वहाँ टिक नहीं पाए। १७८८ से १७९० तक टीपू सुलतान ने दो बार आक्रमण किया, किंतु उस समय अंग्रेज त्रिवांकर के रक्षक थे, इसलिए टीपू असफल हुआ। १८१० में राजा की मृत्यु के पश्चात् वहाँ की लक्ष्मी रानी ने कुछ काल तक स्वयं राज्यसंचालन के उपरांत मनरो नामक एक अंग्रेज कर्नल को यह कार्य सौंपा। रानी की मृत्यु के पश्चात् पुन: उसी वंश के राजा त्रिवांकुर का शासन संभालते रहे। १९४७ में स्वतंत्रता-प्राप्ति के उपरांत भारतीय गणराज्य में इसका विलयन हो गया।