तैंजियर (Tangier) स्थिति : ३५५०' उoo तथा ५४५' पo देo। यह मोराको देश का प्रमुख बंदरगाह है, जो जिब्रॉल्टर जलसंधि पर स्पॉरटल अंतरीप के समीप स्थित है। बंदरगाह तथा समीपवर्ती भाग तैजियर अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र के अंतर्गत हैं, जिसका क्षेत्रफल ३७५ वर्ग किलोमीटर था। इस क्षेत्र के अधिकांश निवासी मोराकी मुसलमान हैं तथा शेष स्पेनी, फ्रांसीसी, अंग्रेज़, अरब इत्यादि हैं। फ्रांसीसी, स्पेनी तथा अरबी यहाँ की सरकारी भाषाएँ हैं। अपनी महत्वपूर्ण स्थिति तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के कारण यह व्यस्त बंदरगाह तथा अंतर्व्यापारिक केंद्र (entrepot) है, जहाँ पर्यटन महत्वपूर्ण व्यवसाय हो गया है। यहाँ से १३ किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में एक हवाई अड्डा स्थित है। इस क्षेत्र का जलवायु सम उपोष्णकटिबंधीय है और वर्षा शीतकालीन तथा साधारण (८१ सेंटीमीटर) है। मुख्य निर्यात पदार्थ सिगरेट, सुखाई हुई मछली, मोरक्को चमड़ा, कार्क तथा बदाम हैं। [राधिकानारायण माथुर]