तेहरान स्थिति : ३५�४४' उo अo तथा ५१�३०' पूo देo। यह ईरान देश तथा तेहरान प्रदेश की राजधानी और एक महत्वपूर्ण औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं रेल, सड़क तथा वायुमार्गों का केंद्र है। समुद्रतल से १,१७५ मीटर की ऊँचाई पर कैस्पियन सागर से १०५ किलोमीटर दक्षिण तथा एलबुर्ज पर्वत श्रेणी से १६ किलोमीटर दक्षिण स्थित है। इस नगर से डेमावंड पर्वत नामक सुप्त ज्वालामुखी (५,६६५ मीटर) की हिमाच्छादित नुकीली चोटी दिखाई देती है। यहाँ के दर्शनीय भवनों में राजभवन, संग्रहालय, मस्जिदें इत्यादि हैं। राजभवन में वह मयूरसिंहासन है, जो १९३९ ईo में नादिरशाह द्वारा दिल्ली से लाया गया था। कजार वंश के संस्थापक आग़ा मुहम्मद खान ने १७८८ ईo में इस नगर को अपनी राजधानी बनाया। तत्पश्चात् नगर का विकास तीव्र गति से होता गया। यह उपजाऊ खेतिहर प्रदेश में स्थित है, जहाँ गेहूँ, चुकंदर, फल तथा कपास उत्पादन महत्वपूर्ण है। कपड़ा, सीमेंट, धातु का सामान, रासायनिक पदार्थ, काच, चीनी, दियासलाई, सिगरेट, साबुन इत्यादि के उद्योग मुख्य हैं। यह फारस की खाड़ी तथा कैस्पियन सागर से रेलमार्गों द्वारा जुड़ा है। नगर से ५.६ मिलोमीटर पश्चिम मेहराबाद हवाई अड्डा स्थित है, जहाँ से कई विदेशी वायुमार्ग गुज़रते हैं। १९३५ ईo से स्थापित तेहरान विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा का केंद्र है। [राधिकानारायण माथुर]