तेल्लिच्चेरी स्थिति : ११� ४५' उo अo तथा ७५� २९' पूo देo। यह भारत के केरल राज्य में कणान्नूर जिले के अंतर्गत अरब सागर के किनारे प्रसिद्ध बंदरगाह तथा नगर है। यहाँ की जनसंख्या ४४,७६३ (१९६१) थी। मलाबार तट पर स्थित बंदरगाह होने के कारण यहाँ से कॉफी, चंदन, अदरख, काली मिर्च, गरी, इलायची आदि का निर्यात होता है। ये वस्तुएँ समीपवर्ती पर्वतीय जंगलों में उत्पन्न होती हैं। नारियल के रस्से या चटाइयाँ, कॉफी और सैरैडिन मछली का तेल निकालने के उद्योग यहाँ हैं।
यहाँ पर प्रसिद्ध कालेज हैं। मालाबार तट का यह पहला क्षेत्र है, जहाँ अंग्रेजों, ने सर्वप्रथम निवास किया था। १७०८ ईo में यहाँ पर एक किला बनाया गया था, जिसपर १७८०-८२ ईo में हैदरअली ने अधिकार कर लिया था। माहे का फ्रांसीसी निवासस्थल यहाँ से दक्षिण पूर्व में चार मील दूर है। [कृष्णमोहन गुप्त]