डेरापुर उत्तर प्रदेश कानपुर जिले की एक तहसील जिसका क्षेत्रफल ४०३ वर्ग मील तथा जनसंख्या २,०८,४८०(१९५१), प्रति वर्ग मील घनत्व ५१७ है। तहसील के उत्तर से रिंद नदी तथा दक्षिणी सीमा के पास से होकर सेंगर नदी बहती है। रिंद नदी के दक्षिण-पश्चिम में सेंगर तथा पूर्व में यमुना तक फैला हुआ विस्तृत उपजाऊ क्षेत्र है। तहसील में रिंद-सेंगर-दोआब क्षेत्र की मिट्टी दोमट है। इस क्षेत्र में उसर कम है, कहीं-कहीं ढाक के जंगल मिलते हैं। जल के प्राकृतिक निकास की कमी के कारण तहसील में दलदली भूमि अधिक है। फसलों में गेहूँ, जौ और गन्ना मुख्य हैं। निचली गंगा नहर की इटावा शाखा द्वारा सेंगर के उत्तर में तथा भोगनीपुर शाखा द्वारा उसके दक्षिणी हिस्से में सिंचाई होती है। झिंझक नामक केवल एक छोटा बाजार है। [ काशीनाथ सिंह]