डेरा गाजी खाँ नगर सिंध नदी से ११ किमी० पूर्व दिशा में तथा मुल्तान नगर से ७७.५ किमी० पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। नगर की स्थापना एक बलूची सरदार के पुत्र गाजी खाँ ने १५ वीं शताब्दी के अंतिम काल में की थी। नगर का अधिकांश सन् १९०८-०९ में सिंध नदी की बाढ़ से वह गया था और उसी के समीप वर्तमान नगर स्थापित हुआ। यह इस क्षेत्र की कृषिगत उपज का व्यापारिक केंद्र है। यहाँ रुई साफ करने तथा खाद्य सामग्री तैयार करने के कार्य और घरेलू उद्योग महत्वपूर्ण हैं। यहाँ एक कला विद्यालय है। नागरिकों में अधिकांश बलूची मुसलमान हैं। नगर की जनसंख्या ३६,२३९(१९५१) थी। [ राधिकानारायण माथुर]