डेनवर स्थिति: ३९ ४५ उ०अ० तथा १०५ प० दे० । साउथ नदी पर स्थित संयुक्त राज्य के कॉलोरेडो प्रांत का प्रशासकीय नगर है। नगर लगभग एक मील की ऊँचाई पर कैनजेस से ६४ मील, शिकागो से १,०३० मील और सैनफ्रांसिसको से १,३०० मील दूर राकी पर्वत पर स्थित रेलमार्गो का केंद्र है। १९२८ ई० में मोफट खाई के निर्माण के फलस्वरूप साल्ट लेक नगर से इसकी दूरी लगभग १७५ मील कम हो गई। उद्योग धंधों की दृष्टि से यह नगर पिछड़ा हुआ है। प्रमुख शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएँ, डेनवर विश्वविद्यालय, कॉलोरेडो विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय और ऐतिहासिक संग्रहालय हैं। विश्वविद्यालय की स्थापना १८६४ ई० में हुई । यह शीतकलीन खेलकूद के लिए विशेष प्रसिद्ध हैं। पर्वतीय पार्क २१,४०० एकड़ में फैले हुए हैं। हैपी कैन्यान (Happy canyon) के सामीप्य से नगर में पर्यटन को प्रचुर प्रोत्साहन मिलता है। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्लब आदि भी हैं।

नगर का प्रशासन नगरपालिका करती है, जिसकी स्थापना १८६१ ई० में हुई थी। डेनवर नगर की जनसंख्या ४,९३,८८७ (१९६०) थी जबकि बृहत्तर डेनवर में ९,२५,३८३ लोग निवास करते थे। [ कैलाशनाथ सिंह]