डार्चेस्टर स्थिति : ५० ४२' उ० अ० तथा २ २८' प० दे०। साउथैंपटन से ५० मील पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में यह डॉर्सेटशिर (इंग्लैंड) का बाजार, नगर और राजधानी है। यह फूम नदी के दाहिने किनारे पर बसा हुआ है। यहाँ की इमारतों में सेंट पीटर्स चर्च प्रमुख है। टाउन हाल, मार्केट हाउस, पुस्तकालय, संग्रहालय, अस्पताल आदि यहाँ की अन्य मुख्य इमारते हैं। यहाँ वर्ष में एक बार भेड़ों और मेमनों का मेला लगता है। अंग्रेजी के विख्यात कवि और उपन्यासकार टॉमस हार्डी का जन्मस्थान डार्चेस्टर के पास ही है। वेसेक्स के उपन्यासों का 'कैस्टरब्रिज' डार्चेस्टर ही है। १६वीं शताब्दी में यहाँ कपड़े का अच्छा उद्योग था परंतु गृहयुद्धों के बाद यह पुन: पनप नहीं पाया।

२. अमरीका में मासाचूसेट्स राज्य का एक जिला, क्यूबेक में एक काउंटी तथा इंग्लैंड में ऑक्सफोर्डशिर का एक बड़ा गाँव भी इसी नाम का है। [पुष्पा कपूर]