डॉनिगॉल (Donegal) स्थिति : ५४० ३९' उ० अ० तथा ८० ८' प० दे०। यह काउंटी उत्तर-पश्चिमी आयरलैंड के अलस्टर क्षेत्र में स्थित है। इसका क्षेत्रफल १,८३८ वर्ग मील है, जिसमें से ३९ वर्ग मील क्षेत्र में जल है। इसके उत्तर और पश्चिम में ऐटलैंटिक सागर, दक्षिण में डॉनिगॉल की खाड़ी तथा पूर्व एवं दक्षिण में लंडनडेरी, टिरोन तथा फरमैना काउंटी स्थित हैं। दक्षिण-पूर्व में लॉख डर्ग तथा उत्तर-पश्चिम में लॉख वीग सबसे बड़ी झील है। यहाँ का धरातल पहाड़ी तथा बंजर है। डेरीवीच और ब्ल्यूस्टैक यहाँ के प्रमुख पहाड़ हैं। यहाँ पशुधन बढ़ रहा है। फ्लैक्स, आलू तथा जई की खेती होती है। मछली मारना, समुद्री वनस्पति से केल्प तैयार करना, लिनन, मलमल तथा ऊनी वस्त्र बनाना, पीट खोदना, आलू की शराब बनाना, तंबाकू तैयार करना और बलुआ पत्थर तथा ग्रेनाइट का उत्खनन यहाँ के मुख्य उद्योग हैं। लॉख फोइल, स्विली तथा डॉनिगॉल खाड़ी प्रमुख प्रवेश द्वार हैं। यहाँ की जनसंख्या १,३१,५३० (सन् १९५१) थी। [अजितनारायण मेहरोत्रा]