डाकोटा संयुक्त राज्य अमरीका, में मिज़ुरी एवं रेड नदियों का ऊपरी प्रवाहक्षेत्र, जो २ नवंबर, १८८९ ई० को प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से उत्तरी एवं दक्षिणी दो भागों में विभक्त किया गया। ये भाग अमरीका के क्रमानुसार ३९वें और ४०वें राज्य हुए।
१. उत्तरी डाकोटा, स्थिति : ४५० ५५' से ४९० ०' उ० अ० तथा ९६० ४०' से १०४० ०' प० दे०। इसका क्षेत्रफल ७०,६६५ वर्ग मील है। यह क्षेत्र मिज़ुरी एवं उसकी अन्य सहायक नदियों द्वारा सिंचित है। पूर्वी क्षेत्र में रेड नदी उत्तर की ओर प्रवाहित होती है। भू-आकृति-तत्व के आधार पर इसके दो विभाग हैं : (क) नवीन अपोढ़ मैदान (Young drift plane) - यह पूर्व एवं उत्तर में फैला हुआ है। यहाँ मिट्टी अत्यधिक उपजाऊ एवं कृषि योग्य है। (ख) ग्रेट प्लेन - इसमें दक्षिण-पश्चिम के शुष्क प्रदेश सम्मिलित है
यहाँ खनिज तेल, गैस एवं लिग्नाइट (३,५०,००,००,००,००० टन अनुमानित राशि) मिलते हैं। थोड़े से दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र को छोड़कर वर्षा प्राय: २०'' से कम होती है। उत्तर में जुलाई में औसत ताप १९० सें० तथा दक्षिण में २२० सें० रहता है। उत्तर में जनवरी में औसत ताप -- ७० सें० तथा दक्षिण में १०० सें० रहता है।
गेहूँ यहाँ की मुख्य उपज है। इसके अतिरिक्त राई और फ्लैक्स (flax) की खेती की जाती है। सिंचाई, बाढ़, नियंत्रण एवं विद्युच्छक्ति की प्राप्ति के लिए मिंज़ुरी नदी पर गैरीसन बाँध का निर्माण किया गया है। मक्खन यहाँ का प्रमुख औद्योगिक उत्पादन है। तेलशोधक संस्थान डिकिसन, मंडन एवं विलिंस्टन में स्थित है। राज्य में लगभग १,३०,००,००० बैरल खनिज तेल प्रतिवर्ष निकाला जाता है।
यातायात के साधनों की प्रचुरता है। रेलमार्ग एवं लंबी सड़कें तथा २०० वायुयान अड्डे राज्य में हैं। ग्रैंड फॉर्क्स में नार्थ डाकोटा विश्वविद्यालय प्रमुख शिक्षण संस्था है। इसके अतिरिक्त अनेक औद्योगिक एवं प्रशिक्षणात्मक संस्थाएँ भी यहाँ हैं।
यहाँ की संपूर्ण जनसंख्या ६,३२,४४४ (सन् १९६०) है, जिसमें नागरिक जनसंख्या का अनुपात २७% है। प्रमुख नगर तथा प्रशासनिक केंद्र विस्मार्क, फार्गो, यांक्टन, ग्रैंड फार्क्स आदि हैं।
२. डाकोटा दक्षिणी, स्थिति : ४२० ३०' से ४५० ५५' उ० अ० तथा ९६० २५' से १०४० ०' प० दे०। यहाँ का क्षेत्रफल ७७,०४७ वर्ग मील है, जिसमें लगभग १,२०० वर्ग मील जलक्षेत्र भी है। उच्चतम क्षेत्र पेलिंग्टन प्रदेश में हार्नीपार्क ७,२४२ फुट तथा निम्नतम स्थल राबर्ट्स में बिग स्टोन झील (९६२ फुट) है। मिज़ुरी अपनी सहायक नदियों के साथ तथा ह्वाइट (White) नदी इस क्षेत्र में प्रवाहित होती है। राज्य के चार प्रमुख भौगोलिक विभाग है : (क) कटा-फटा टिल मैदान -- यह ३० से लेकर ४० मील तक की चौड़ी पट्टी है। पशुपालन यहाँ का प्रमुख व्यवसाय है। (ख) अपोढ़ निर्मित मैदान -- यह डाकोटा के नवीन अपोढ़ मैदान का दक्षिणवर्ती फैलाव है। यह उपजाऊ क्षेत्र है। (ग) ग्रेट प्लेन -- यह मिज़ुरी की घाटी है, जिसमें नदी उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व की ओर प्रवाहित होती है। ढाल पश्चिम से पूर्व की ओर है। (ब) ब्लैक हिल -- इसमें ऊबड़-खाबड़ ग्रेनाइट की पहाड़ियाँ हैं। यह खनिज सामग्री की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। जंगलों में सुंदर लकड़ी मिलती है। रेड नदी की घाटी में बिग स्टोन झील स्थित है।
पूर्व में वर्षा २०''-३०'' तथा पश्चिम में १०''-२०'' होती है। जुलाई का औसत ताप २५.५० सें० तथा जनवरी का औसत १०० सें० रहता है।
ब्लैक हिल क्षेत्र में रैपिड नगर के पास कोयला, सोना, सीसा, चाँदी, टंग्स्टन, यूरेनियम आदि मिलते हैं। यहाँ इमारती पत्थर भी मिलता है। कृषि प्रमुख व्यवसाय है। वनों का क्षेत्रफल लगभग २०,००,००० एकड़ है। राज्य के प्राय: २/५ भाग पर कृषि होती है। यह क्षेत्र प्रमुख रूप से मिज़ुरी नदी के पूर्व में स्थित है। औद्योगिक उत्पादनों में रैपिड नगर सीमेंट के तथा ब्लैकहिल लकड़ी के कार्य के लिए प्रसिद्ध है।
शिक्षण संस्थानों में डाकोटा वेस्लियान विश्वविद्यालय, मिचेल में, १८८५ ई० में स्थापित हुआ तथा साउथ डाकोटा विश्वविद्यालय वर्मीलियन में १८८२ ई० में स्थापित हुआ। यहाँ के प्रमुख नगर में प्रशासनिक केंद्र पियरे रैपिड सिटी, सियोक्स फाल्स, एबरडीन, वेल्लेफाकें आदि हैं।
यहाँ की कुल जनसंख्या ६,८०,५१४ (सन् १९६०) है, जिसमें नागरिक जनसंख्या का औसत ३३ प्रतिशत है। [कैलाशनाथ सिंह]