डनकर्क १. स्थिति : ५१ २' उ तथा २ २०' पू दे। यह फ्रांस का एक किलाबंद नगर तथा उत्तरी सागर पर स्थित पत्तन है। यह कैले (Calais) नगर से २८ मील दूर उत्तर-पूर्व नहरों के केंद्र पर स्थित है। सातवीं शताब्दी में बसा यह नगर पहले मछली मारने का एक छोटा सा गाँव था।

यह नगर प्रथम विश्वमहायुद्ध में अत्यधिक नष्ट-भ्रष्ट हो गया तथा अधिकांश बंदरगाह की सुविधाएँ तहस नहस हो गईं। जब यह फ्रांस तथा जर्मनी के हाथों में था तब यह रक्षात्मक एवं प्रतिरक्षा आक्रमणों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण नगर था। १९४५ ई० में जर्मनी के पराजय के पश्चात् यह फ्रांस के अधिकार में आ गया और मुख्य बंदरगाह के रूप में प्रसिद्ध हुआ। द्वितीय विश्वयुद्ध से पहले ही यह आठ मीलों तक फैला हुआ आधुनिक यंत्रों से सुसज्जित भारी जहाज यातायात से परिपूर्ण बंदरगाह था। जर्मन उद्योगपतियों ने मिलकर प्रथम विश्वमहायुद्ध के समझौते के अंतर्गत इसका विस्तार कराया। यहीं से आइसलैंड के मछली मारनेवाले यानों का संचालन किया जाता है। यहाँ के औद्योगिक संस्थानों में आटा पीसना, तैलपरिष्कार, मत्स्य-व्यापार तथा जहाजरानी प्रमुख हैं।

२. संयुक्त राज्य अमरीका के न्यूयार्क के दक्षिण-पश्चिम में बफैलो नगर से ४१ मील दूर, ईरी झील के पूर्वी तट पर स्थित प्रमुख नगर और पत्तन है। रेल, सड़क और अन्य यातायात साधनों द्वारा समस्त दिशाओं से मिला हुआ है। तरंगरोध से संरक्षित सुंदर और सुदृढ़ पत्तन है। झीलों द्वारा किए गए व्यापार में अत्यधिक योग प्रदान करता है। यहाँ अविकारी इस्पात के, तैल परिष्कार के, काच और विद्युद्यंत्रों के निर्माण के अनेक कारखाने हैं। इसकी जनसंख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है।

[विजयराम सिंह]