ट्रैंसिलवेनिया स्थित : ४६० १९' उ० अ० तथा २५० ०
' पू० दे०। यह बड़ा प्रदेश (क्षेत्रफल ३७,३१८.४ वर्ग किमी०) रूमेनियाँ देश में अपनी अद्वितीय भौगोलिक इकाई के लिये प्रसिद्ध है। यह अंग्रेजी के 'डी' अक्षर की भूम्याकृतिवाला और चारों ओर से पर्वतीय शृंखलाओं से घिरा हुआ है। इसके उत्तर तथा पूर्व में कार्पेथियन, दक्षिण में ट्रैंसिलवेनिया अल्प्स की बहिर्वर्ती शृंखलाएँ हैं। पहाड़ियों से घिरे हुए इस पठारी प्रदेश का मुख्य धंधा कृषि तथा पशुपालन है। खाद्यान्नों के अतिरिक्त आलू तथा अलसी यहाँ की प्रमुख पैदावार है। स्वर्ण, ताम्र, राँगा, लोह, कोयला प्राकृतिक गैस तथा नमक मुख्य खनिज पदार्थ हैं। यहाँ पर कुछ बड़े तथा बहुत से लघु उद्योग धंधे भी प्रगति कर रहे हैं।
ट्रैंसिलवेनिया आल्प्स एक पर्वतीय भाग है जो मध्य रूमेनिया में पश्चिम से पूर्व को फैला हुआ है। ट्रैसिलवेनिया इसके उत्तर में है। (ह. सिं.)
इतिहास - १०३ ईसवी के बाद से ही इसक विस्तृत इतिहास उपलब्ध होता है। उस समय यह रोम के डैसिया नामक प्रांत क एक भाग था। चौथी शती के बाद बहुत दिनों तक यहाँ भिन्न भिन्न जातियों और वर्गों के लोग बसते उजड़ते रहे। १००३ ईसवी में हंगरी के शासक स्टीफेन प्रथम ने ट्रैंसिलवेनिया पर अधिकार किया। १६वीं शती में मध्य हंगरी पर तुर्कों की विजय के साथ ट्रैंसिलवेनिया स्वतंत्र हो गया। स्वतंत्रता और अभ्युदय के काल में यहाँ स्टीफेन बाथराय, गैब्रिएल बैथलेन और जार्ज राकोजी जैसे कुशल सम्राट् हुए। १७वीं शती में यह पुन: हंगरी में सम्मिलित हो गया। १८६७ में आस्ट्रिया और हंगरी के बीच संधि हुई, जिसके अनुसार ट्रैसिलवेनिया हंगरी का ही एक भाग मान लिया गया। आगे चलकर रूमेनिया के जागरणकाल में वहाँ के प्रबुद्ध नागरिकों ने कार्पेथियन पर्वत के पार भी अधिकार का दावा किया। पहले विश्वयुद्ध में मित्रराष्ट्रों ने रूमेनिया को ट्रैंसिलवेनिया दिला देने का वचन दिया (१९१६)। १९२० में ट्रायनन की संधि (Treaty of Trianon) में यह वचन पूरा भी कर दिया गया। किंतु हंगरी ने इस निर्णय पर आपत्ति की। अगस्त, १९४० में जर्मनी और इटली ने इस प्रदेश का उत्तरी क्षेत्र बलात् हंगरी को सौंप दिया। मित्र राष्ट्रों और रूमेनिया तथा हंगरी के बीच क्रमश: १९४४ और १९४५ में युद्धविराम संधियाँ हुईं जिनके अनुसार ट्रैंसिलवेनिया पुन: रूमेनिया को दे दिया गया।
यहाँ के निवासियों में ५८ प्रतिशत रूमेनियाई और २८ प्रतिशत हंगेरियाई हैं। दूसरे महायुद्ध के पूर्व यहाँ जर्मन और यहूदी बहुसंख्यक थे। लेकिन युद्ध ने उनकी संख्या घटा दी। रूमेनियाई आर्थोडाक्स, यूनियनिस्ट, रोमन कैथोलिक, कैल्विनिस्ट, लूथरन और यूनिटेरियन आदि धर्मावलंबी इस छोटे से क्षेत्र में रहते है।